4 लीटर पेंट के लिए 168 मजदूर और 65 मिस्त्री! स्कूल रंगाई-पुताई में गजब का घोटाला, पढ़े पूरी खबर
शहडोल (मध्यप्रदेश)। जिले के सरकारी स्कूलों में रंगाई-पुताई और मरम्मत के नाम पर एक चौंकाने वाला घोटाला सामने आया है। सरकारी दस्तावेजों के अनुसार, सिर्फ 4 लीटर पेंट लगाने के लिए 168 मजदूरों और 65 मिस्त्रियों को काम पर लगाया गया और 1.06 लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया गया।
यह भी पढ़े :- Politics of Chhattisgarh ; कांग्रेस ने सिर्फ लूटा, अब विचारधारा भी नहीं बची: भाजपा विधायक राजेश मूणत का तीखा हमला
यह मामला ब्योहारी विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल सक्कंदी का है, जहां 4 लीटर ऑयल पेंट की खरीद 784 रुपये में की गई, लेकिन इसके लिए 168 मजदूर और 65 मिस्त्रियों की मजदूरी का बिल 1,06,984 रुपये बताया गया। यह पूरा बिल जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा स्वीकृत भी कर दिया गया।
वायरल बिल से हुआ खुलासा, कलेक्टर ने दिए जांच और वसूली के आदेश
यह घोटाला तब सामने आया जब स्कूल से जुड़ा बिल सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जानकारी मिलने पर शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने मामले की प्रारंभिक जांच करवाई, जिसमें अधिक भुगतान की पुष्टि हुई। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी फूल सिंह मारपाची को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों से राशि की वसूली और वैधानिक कार्रवाई के आदेश भी दिए हैं।
निपनिया स्कूल में और बड़ा घोटाला: 20 लीटर पेंट पर 2.31 लाख रुपये खर्च!
इसी प्रकार का मामला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निपनिया में भी सामने आया है, जहां 20 लीटर पेंट के लिए 275 मजदूरों और 150 मिस्त्रियों को लगाया गया और कुल 2,31,650 रुपये का भुगतान किया गया। बिल में खिड़कियों और दरवाजों की रंगाई का भी जिक्र है, लेकिन खर्च पेंट की मात्रा के मुकाबले कहीं ज्यादा है।
सुधाकर कंस्ट्रक्शन का नाम सामने आया
दोनों मामलों में एक ही ठेकेदार सुधाकर कंस्ट्रक्शन का नाम सामने आया है, जिसे रंगाई-पुताई और मरम्मत का ठेका दिया गया था। कलेक्टर ने संकेत दिए हैं कि जिले के अन्य स्कूलों के बिलों की भी जांच की जाएगी।




