Google Analytics —— Meta Pixel

Bilaspur rain update : बिलासपुर में आफत बनी बारिश, कॉलोनियों में भरा रहा पानी, ट्रेनें देर से पहुंची, रतनपुर-पेंड्रारोड मार्ग बंद

Bilaspur rain update : बिलासपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शहर की रिहायशी कॉलोनियों से लेकर मुख्य सड़कों तक जलभराव की स्थिति है। रतनपुर-पेंड्रारोड मार्ग पर बाढ़ का पानी आ जाने से यातायात पूरी तरह बंद है।

वहीं बिलासपुर शहर के सरकंडा, तोरवा, मोपका, मंगला, बूटापारा जैसे इलाकों में कॉलोनियां पानी में डूबी हैं। सरकंडा स्थित शिवम होम्स कॉलोनी के रहवासी दो दिनों से घरों में कैद हैं। गली-सड़कों पर घुटनों से ऊपर पानी बह रहा है। गोकने नाला, गंगानगर, श्रीकांत वर्मा मार्ग, बंधवापारा और तोरवा क्षेत्र के निचले इलाकों में भी पानी भर गया है।

यह भी पढ़ें :- Monsoon impact on flights : राजधानी रायपुर में बारिश का असर, दिल्ली-मुंबई से आने वाली फ्लाइटें 3 घंटे तक लेट, यात्री परेशान

ग्रामीण इलाकों में स्थिति और भी गंभीर है। मस्तूरी के ईटवापाली, कोटा के तेन्दूभाठा, बांसाझाल, चपोरा और तखतपुर की मनियारी नदी के किनारे बसे गांव जलमग्न हैं। बिल्हा के वार्ड 8 और 9 में भी पानी भर गया है। लोगों ने प्रशासन पर राहत नहीं पहुंचाने का आरोप लगाया है। (Bilaspur rain update)

हालात की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर और एसएसपी ने बैठक कर अफसरों को फील्ड में डटे रहने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी पीड़ितों के बीच जाएं और राहत व ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

बारिश के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। सोमवार को कई ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं। पोरबंदर कविगुरु एक्सप्रेस 13 घंटे, दुरंतो एक्सप्रेस 7 घंटे, उत्कल एक्सप्रेस 8 घंटे और साउथ बिहार एक्सप्रेस करीब 5 घंटे देर से आईं। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पानी झरने की तरह गिरता रहा, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कत हुई। (Bilaspur rain update)

रायगढ़ सेक्शन की ईब नदी में जलस्तर ब्रिज के गर्डर तक पहुंच गया है। इंजीनियरिंग टीमें पूरी रात सतर्क रहीं।

कोटा और बेलगहना में 24 घंटे में 16 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। सोमवार को सिर्फ डेढ़ घंटे में शहर में 6 सेमी बारिश हुई, जिससे कई सड़कें डूब गईं। कसईबहरा में जवस नदी उफान पर है और स्कूल-आंगनबाड़ी में पानी भर गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही प्रणाली के कारण अगले 24 घंटे में और बारिश संभव है। हालांकि, 9 जुलाई से इसमें कमी आने की उम्मीद है। (Bilaspur rain update)

Back to top button
error: Content is protected !!