भारत-पाक मैच रद्द: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में विवाद के बाद बड़ा फैसला
IND vs PAK WCL 2025 : वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (IND vs PAK WCL 2025) 2025 के दूसरे सीजन की शुरुआत 18 जुलाई से हुई थी। टूर्नामेंट का सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबला आज 20 जुलाई को एजबेस्टन में भारत चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच खेला जाना था। लेकिन इस मैच को लेकर हो रहे विरोध और खिलाड़ियों की आपत्ति के चलते अब आयोजकों ने इस मुकाबले को रद्द करने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री साय की ऐतिहासिक पहल: जशपुर जिले के 48 मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए ₹2.03 करोड़ की स्वीकृति
भारतीय खिलाड़ियों ने खेलने से किया इंकार
इस मुकाबले को लेकर भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने पहले ही अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। टीम इंडिया चैंपियंस के सदस्य हरभजन सिंह, शिखर धवन, यूसुफ पठान और इरफान पठान ने मैच में भाग न लेने का ऐलान कर दिया था।
विशेषकर शिखर धवन ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार किया था। वहीं हरभजन सिंह ने मैच के एक दिन पहले खुद को मुकाबले से अलग कर लिया।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़ा विरोध
भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद विवादों में आ गया था। आम जनता से लेकर पूर्व क्रिकेटरों और सोशल मीडिया यूजर्स तक ने इस मैच को रद्द करने की मांग उठाई थी।
इस बढ़ते विरोध के मद्देनजर आयोजकों ने आखिरकार 19 जुलाई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर यह जानकारी साझा करते हुए आधिकारिक रूप से मैच को रद्द करने की घोषणा की।
टूर्नामेंट में छह टीमें शामिल
WCL 2025 (IND vs PAK WCL 2025) में कुल छह टीमें भाग ले रही हैं — भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका। टूर्नामेंट में सभी देशों की ओर से पूर्व दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जो एक बार फिर मैदान पर उतरकर अपने प्रशंसकों को रोमांचित कर रहे हैं।
भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला रद्द होने के बाद अब इंडिया चैंपियंस टीम अपना अगला मैच 22 जुलाई को साउथ अफ्रीका चैंपियंस के खिलाफ खेलेगी। यह मुकाबला नॉर्थैम्प्टन के काउंटी ग्राउंड में भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे शुरू होगा।



