Google Analytics —— Meta Pixel

भारत ने आखिरी मैच में जीतकर सीरीज 2-2 से किया ड्रॉ, भारतीय कप्तान शुभमन गिल प्लेयर ऑफ सीरीज

India Vs England Test: भारत ने पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच में इंग्लैंड को हराकर सीरीज 2-2 से बराबर कर ली है। भारतीय टीम ने द ओवल टेस्ट के आखिरी दिन 4 विकेट लेकर 6 रन से मैच जीता। इसी के साथ 5 मैचों की एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2-2 से बराबर कर ली। मोहम्मद सिराज ने दूसरी पारी में 5 विकेट लेकर मैच पलटा और भारत को रोमांचक जीत दिलाई। सोमवार को मुकाबले के आखिरी दिन इंग्लैंड को सिर्फ 35 रन बनाने थे और 4 विकेट बाकी थे, लेकिन मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट लेकर जीत भारत की झोली में डाल दी। बता दें कि द ओवल में गुरुवार को इंग्लैंड ने बॉलिंग चुनी। पहली पारी में भारत ने 224 और इंग्लैंड ने 247 रन बनाए। 23 रन से पिछड़ने के बाद भारत ने दूसरी पारी में 396 रन बना दिए।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़: मोहला-मानपुर और जगदलपुर में डूबने से 5 मासूमों की दर्दनाक मौत, मुख्यमंत्री साय ने जताया शोक

इंग्लैंड को जीत के लिए 374 रन का टारगेट मिला, जिसका पीछा करते हुए टीम ने 3 विकेट के नुकसान पर 300 रन बना दिए थे, तभी हैरी ब्रूक सेंचुरी लगाकर आउट हो गए। यहां से भारत ने 354 तक इंग्लैंड के 8 विकेट गिरा दिए। गस एटकिंसन और जोश टंग ने आखिर में टीम को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन सिराज ने आखिरी विकेट लेकर भारत को करीबी जीत दिला दी। इंजर्ड क्रिस वोक्स भी लेफ्ट हैंड से बैटिंग करने उतरे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। सीरीज का दूसरा और पांचवां टेस्ट भारत ने जीता, पहला और तीसरा टेस्ट इंग्लैंड के नाम रहा। वहीं चौथा टेस्ट ड्रॉ हुआ। भारतीय कप्तान शुभमन गिल 5 मैचों में 754 रन बनाकर प्लेयर ऑफ सीरीज रहे। वहीं मोहम्मद सिराज को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला। इंग्लैंड की ओर से 5 मैचों में 481 रन बनाकर हैरी ब्रूक प्लेयर ऑफ सीरीज रहे। (India Vs England Test)

आखिरी टेस्ट मैच में जीत पर भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि हमारे पास विकेट लेने के अवसर थे। हमें पता था कि उन पर बहुत दबाव है, क्योंकि ऐसी स्थिति में बल्लेबाजी करने वाली टीम पर बहुत दबाव होता है। हमें विकेट लेने के लिए सिर्फ एक अच्छी गेंद चाहिए थी। हमने सोचा था कि हम मैच को जितना लंबा लेकर जा सकते हैं, उतना लंबा लेकर जाया जाए, जिससे हमारी जीतने की संभावना ज्यादा रहेगी। दोनों टीमों ने बढ़िया प्रदर्शन किया। हर मैच आखिरी दिन तक पहुंचा, जो कि दोनों टीमों का प्रदर्शन बताता है। जब सिराज-प्रसिद्ध जैसे गेंदबाज गेंदबाजी कर रहे होते हैं तो कप्तान के रूप में ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं होती है। दोनों जानते हैं गेंद को कैसे हरकत कराना है। इस प्रदर्शन से मैं खुश हूं और इस सीरीज से पहले मैंने काफी मेहनत की थी। यह मानसिक और तकनीकी दोनों तौर पर सुधार करने के बारे में था और दोनों चीजें एक दूसरे से जुड़ी हुई हैं। (India Vs England Test)

भारतीय ओपनर केएल राहुल ने कहा कि एक युवा टीम द्वारा एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी को इंग्लैंड में 2-2 से ड्रॉ करना भारत की टेस्ट क्रिकेट की अचीवमेंट में सबसे ऊपर रहेगा। हमारी टीम से इस सीरीज में किसी को उम्मीद नहीं थी, लेकिन हम हर मैच में लड़े और अंत में 2-2 का नतीजा मिला। भले ही ये एक ड्रॉ लगे, लेकिन हमारे लिए और भारतीय टेस्ट क्रिकेट के भविष्य के लिए यह शीर्ष पर रहेगा। यहीं से बदलाव की शुरुआत होती है और भारतीय टेस्ट टीम आगे चलकर विदेशों में कई और सीरीज जीतने वाली है। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने कहा कि पहले मैच से लेकर पांचवें टेस्ट मैच के पांचवें दिन तक पूरी टीम ने अविश्वसनीय लड़ाई लड़ी है। हर किसी को विश्वास था कि हम लोग मैच जीतेंगे। भगवान ने मेरे लिए कुछ अच्छा लिखा होगा, इसलिए मुझे ये मौका दिया और मुझे विकेट भी मिला। बहुत अच्छा लगा। (India Vs England Test)

सिराज ने बताया कि सुबह जब मैं सोकर उठा तो मुझे भरोसा था कि जीत दिला सकता हूं। मैंने गूगल से एक फोटो डाउनलोड किया और उसे अपने वॉलपेपर पर लगाया कि मैं कर सकता हूं। ब्रूक का विकेट गेम चेंजिंग मोमेंट था। अगर मैंने वो कैच ले लिया होता तो मैच शायद इस स्थिति में पहुंचता ही नहीं। ब्रूक ने बेहतरीन पारी खेली। बता दें कि जीवनदान मिलने के बाद हैरी ब्रूक ने 111 रन की पारी खेली। उन्होंने जो रूट के साथ 195 रनों की अहम साझेदारी की। इस साझेदारी ने इंग्लैंड को रन चेज में आगे कर दिया था। बाद में आकाश दीप ने ब्रूक को बोल्ड करके इस साझेदारी को ब्रेक किया।

इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने कहा कि हम निश्चित तौर पर ये नतीजा नहीं चाहते थे, हम सीरीज जीतना चाहते थे। हर कोई बहुत हताश और निराश है। ऋषभ पंत भी पैर में चोट होने के बावजूद बल्लेबाजी करने उतरे थे। क्रिस वोक्स कंधे में चोट के बावजूद टीम के लिए मैदान पर उतरे। यह दिखाता है कि दोनों ही टीमों ने कितनी ऊर्जा इस सीरीज में लगाई। BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि निश्चित रूप से शानदान जीत है। हालांकि 2-2 से सीरीज बराबर हुई है, लेकिन भारतीयों को लग रहा है कि हम जीत गए, क्योंकि हमारे खिलाड़ियों ने कमाल करके दिखाया है। लोगों ने इस टेस्ट सीरीज में दिलचस्पी ली। सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, बुमराह ने बहुत अच्छा किया। ऋषभ पंत ने चोट लगने के बाद जिस तरह से जज्बा दिखाया और खेले, यह कमाल की चीज है, जितनी तारीफ की जाए वो कम है। (India Vs England Test)

पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरव गांगुली ने कहा कि बहुत अच्छा। कल जब मैच खत्म हुआ, तो मेरे मन में यही था कि भारत जीतेगा। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने जिस तरह की गेंदबाजी की, वह लाजवाब थी। भारतीय खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है। पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह ने कहा कि मुझे बहुत खुशी है। मोहम्मद सिराज ने कपिल देव की याद दिला दी। शुभमन गिल ने इतनी परिपक्व कप्तानी की है, ऐसा लगा ही नहीं कि वो पहली बार कप्तानी कर रहा है। इसका श्रेय शुभमन गिल के पिता को जाता है, युवराज सिंह को जाता है। स्टेडियम से निकलते हुए एक क्रिकेट प्रशंसक ने कहा कि मेरी मां पंजाब से है और मेरे पापा इंग्लैंड से हैं। मेरे लिए दोनों तरफ जीत ही जीत है। बहुत अच्छा और मनोरंजक मैच था। (India Vs England Test)

Back to top button
error: Content is protected !!