सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद बीजेपी ने भी राहुल गांधी पर बोला हमला, CM फडणवीस ने कहा- राहुल की भाषा पाकिस्तान-चीन जैसी

BJP on Rahul Gandhi: भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच हुई झड़प को लेकर लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाई है, जिसे लेकर अब सत्ता पक्ष भी हमलावर हो गई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि मैं सुप्रीम कोर्ट की ओर से की गई टिप्पणी को बहुत गंभीरता से लेता हूं, राहुल गांधी ने बार-बार सार्वजनिक रूप से कहा कि चीन ने हमारी जमीन पर कब्जा किया है। वे विपक्ष के नेता हैं, उन्हें सोच-समझकर बोलना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी बहुत महत्वपूर्ण है, इसके बाद उन्हें रक्षा क्षेत्र, हमारे सैनिकों को लेकर ऐसा नहीं बोलना चाहिए, उन्हें ऐसा कुछ भी नहीं कहना चाहिए, जिससे हमारे सैनिकों का मनोबल गिरे।
यह भी पढ़ें:- भारत ने आखिरी मैच में जीतकर सीरीज 2-2 से किया ड्रॉ, भारतीय कप्तान शुभमन गिल प्लेयर ऑफ सीरीज
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने राहुल गांधी को सेना और राष्ट्रीय सुरक्षा पर दिए गए गैर-जिम्मेदाराना बयानों के लिए कड़ी फटकार लगाई। चीन द्वारा 2000 किमी भारतीय भूमि पर कब्जे के झूठे दावे पर कोर्ट ने पूछा कि क्या आप वहां थे? आपके पास कोई प्रमाण है? सिर्फ विपक्ष के नेता होने का मतलब यह नहीं कि आप कुछ भी कहें ! देश के संसदीय इतिहास में यह पहली बार है, जब विपक्ष के नेता पर इस तरह की सख्त टिप्पणी सर्वोच्च न्यायालय को करनी पड़ी है। राहुल गांधी और कांग्रेस का इतिहास सेना को अपमानित करने का रहा है-चाहे सर्जिकल स्ट्राइक हो या ऑपरेशन सिंदूर, उन्होंने हर अवसर पर हमारे वीरों के त्याग पर प्रश्नचिह्न खड़ा किया। इनकी निष्ठा राष्ट्र से नहीं, सिर्फ एक परिवार से है, इसलिए राष्ट्र के प्रति सम्मान इनकी मूल सोच में ही नहीं है। आज पूरा देश इस देशविरोधी मानसिकता से आहत है। राहुल गांधी और कांग्रेस से माफी की अपेक्षा करता है। (BJP on Rahul Gandhi)
राहुल की भाषा पाकिस्तान-चीन जैसी: फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मैं सुप्रीम कोर्ट का आभार व्यक्त करता हूं। उच्च पदों पर बैठे हुए लोगों द्वारा अफवाहें फैलाना, देश के हित के विरोध में बोलना, यह बंद होना चाहिए, जिस प्रकार से राहुल गांधी बिना किसी साक्ष्य के लगातार बोलते रहे कि चीन ने भारत की जमीन को हथिया लिया है, इसके कारण सीमा पर हमारे जवानों के मनोबल पर असर होता है क्योंकि वो जानते हैं कि उन्होंने देश की जमीन बचाई है, जिस भाषा में पाकिस्तान या चीन बोलता है, उसी भाषा में राहुल गांधी बोलते हैं। यह बहुत गलत है, यह देश के हित के विरोध में है। मुझे लगता है कि सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद अब वे अपना रवैया बदलेंगे। भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा भारत के खिलाफ ही बोलते हैं। उनकी मानसिकता भारत विरोधी है। (BJP on Rahul Gandhi)
उल्लू सीधा करने के लिए राजनीति करते हैं राहुल: शशांक
भाजपा सांसद शशांक मणि ने कहा कि यह जगजाहिर है कि राहुल गांधी अपना उल्लू सीधा करने के लिए राजनीति करते हैं। आप विपक्ष के नेता हैं, आपको गरिमा बनाए रखनी चाहिए ताकि हम चीन से आगे बढ़ें, ऐसा न हो और आप स्वयं हतोत्साहित हो जाएं और देश को भी हतोत्साहित करें। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारा देश तेजी से आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ रहा है। मैं उनसे अनुरोध करूंगा कि इन सब मामलों में पाकिस्तान और चीन का साथ न दें। राजस्थान सरकार में मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि हम राष्ट्रवादी लोग हैं और राष्ट्र के बारे में सोचते हैं, लेकिन वे पड़ोसी देश के बारे में सोचते हैं, इसलिए उनके और हमारे विचार अलग हैं। हम अपने देश के बारे में सोचते हैं कि हमारा देश कितना मजबूत हो और भारत का विकास कैसे हो। हमारी पार्टी की सोच है कि भारत आत्मनिर्भर बने, भारत की रक्षा हो, भारत के दृष्टिकोण के साथ हम कैसे आगे बढ़ सकें। वे सोचते हैं कि पाकिस्तान कितना मजबूत हो। (BJP on Rahul Gandhi)
कांग्रेस पार्टी जानबूझकर चीन और पाकिस्तान की भाषा बोलती है: जोशी
भाजपा सांसद सी. पी. जोशी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार चीन और पाकिस्तान की भाषा बोलते नजर आ रहे हैं। अब उन्होंने यह कहकर हद पार कर दी है कि उनके पास बम है। मुझे लगता है कि उनकी पार्टी को ही इस बम से खतरा है। कांग्रेस पार्टी जानबूझकर चीन और पाकिस्तान की भाषा बोलती है और देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश करती है। देश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने कहा कि राहुल गांधी देश के बारे में कभी अच्छा नहीं बोलते, मुझे नहीं लगता कि देश के प्रति उनकी जरा भी आस्था है। वे सिर्फ सुर्खियों में बने रहने के लिए बयान देते हैं। JDU नेता के.सी. त्यागी ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं, उन्हें सरकार की नीतियों का विरोध करने का हक है, लेकिन ऐसे वक्तव्य नहीं देने चाहिए, जिससे उनके पद और प्रतिष्ठा को नुकसान हो। इस पर कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी जिस बात पर चर्चा कर रहे हैं, वही हर राष्ट्रवादी भारतीय की सोच है। जब भी हम संसद के अंदर सवाल पूछते हैं, तो कोई जवाब नहीं मिलता और जब भी हम संसद के बाहर राष्ट्रहित से जुड़ा कोई सवाल पूछते हैं, तो हमें देशद्रोही करार दे दिया जाता है। हम ही सच्चे भारतीय हैं, जो भारत के लिए सवाल उठाते हैं। (BJP on Rahul Gandhi)



