हाफ बिजली बिल पर कांग्रेस चला रही झूठा प्रचार अभियान: शिवरतन शर्मा का आरोप
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा: 400 यूनिट तक औसत खपत करने वाले उपभोक्ताओं का बिजली बिल सोलर प्लांट की स्थापना के बाद शून्य हो जाएगा
Chhattisgarh Half Bijli Bill Yojana: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने हाफ बिजली बिल योजना (Chhattisgarh Half Bijli Bill Yojana) को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर झूठा नैरेटिव चलाकर प्रदेश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा सरकार गरीब और मध्यमवर्गीय उपभोक्ताओं के लिए व्यावहारिक और स्थायी समाधान की दिशा में काम कर रही है।
शर्मा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बिना वादा किए भी डेढ़ साल तक हाफ बिजली बिल योजना को जारी रखा। वर्तमान में भी 100 यूनिट तक की खपत करने वाले उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के 45 लाख घरेलू उपभोक्ताओं में से लगभग 31 लाख उपभोक्ता 100 यूनिट से कम बिजली की खपत करते हैं और उन्हें इस योजना का सीधा लाभ मिल रहा है।
सोलर से शून्य बिल की ओर
शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को राज्य सरकार तेजी से आगे बढ़ा रही है। इस योजना के तहत रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित कर उपभोक्ता अपने बिजली बिल को शून्य तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने बताया:
- 3 किलोवॉट या उससे अधिक की सोलर क्षमता पर ₹78,000 केंद्र से और ₹30,000 राज्य सरकार से, कुल ₹1.08 लाख की सब्सिडी दी जा रही है।
- 2 किलोवॉट के सोलर प्लांट पर 90 हजार तक अनुदान उपलब्ध है।
- उपभोक्ता अतिरिक्त बिजली ग्रिड को देकर आय अर्जित भी कर सकते हैं।
- शेष 25% लागत उपभोक्ता खुद वहन कर सकते हैं या कम ब्याज दर पर बैंक ऋण ले सकते हैं।
शर्मा ने कहा कि यह योजना प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा, आत्मनिर्भरता और आर्थिक बचत के पथ पर ले जाने वाला एक ठोस और दूरदर्शी प्रयास है।
कांग्रेस पर तीखा हमला
भाजपा उपाध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार पर आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में बिजली बिल हाफ योजना की खूब प्रचारबाजी की गई, लेकिन 22 लाख उपभोक्ता योजना से वंचित रह गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस बात पर शर्म आनी चाहिए कि उनके वादे सिर्फ भाषणों में थे, ज़मीनी सच्चाई कुछ और थी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में विद्युत उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई और कई पावर प्लांट बंद होने की नौबत आ गई थी, जिससे राज्य की बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमराने लगी थी।
“गांव, गरीब और किसान केंद्र में हैं हमारी योजनाएं”
शर्मा ने कहा कि भाजपा की योजनाएं गांव, गरीब और किसान को केंद्र में रखकर बनाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार ने पिछले डेढ़ साल में यह साबित कर दिया है कि भाजपा की नीतियां जनहित और दीर्घकालिक राहत देने वाली हैं। (Chhattisgarh Half Bijli Bill Yojana)



