Google Analytics —— Meta Pixel

डिलीवरी के बाद प्रसूता को रायपुर किया गया रेफर, परिजनों ने निजी अस्पताल में करा दिया भर्ती, इलाज के बाद मौत, परिवार वालों ने किया चक्काजाम

Rajnandgaon Pregnant Death: राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक अंतर्गत मुरमुंदा गांव की रहने वाली गर्भवती सुमन की मौत के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए परिजन मृतिका का शव लेकर कृष्णा हॉस्पिटल के सामने मुंबई-हावड़ा नेशनल हाईवे पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए इस विरोध से हाईवे का आवागमन कई घंटों तक ठप हो गया। जानकारी के मुताबिक सुमन को गंभीर हालत में कृष्णा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां सीजर ऑपरेशन किया गया और बच्चा सुरक्षित रहा, लेकिन महिला की हालत नाजुक बनी रही। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया, लेकिन परिजन उसे रायपुर ले जाने की बजाय शहर के ही एक अन्य निजी अस्पताल ले गए।

यह भी पढ़ें:- शिक्षिका की क्रूर सजा से मासूम लाचार, पैरों पर खड़ी नहीं हो पा रही दूसरी कक्षा की छात्रा

पांच दिन तक इलाज के बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि कृष्णा हॉस्पिटल की लापरवाही के कारण सुमन की मौत हुई। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने शव को अस्पताल के बाहर रखकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाइश देने के बावजूद परिजन और ग्रामीण नहीं माने। आखिरकार पुलिस ने बलपूर्वक शव को हाईवे से हटाया और यातायात को बहाल कराया। परिजनों की शिकायत पर जिला मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से आए डॉ. तुलावी ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी और रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी। (Rajnandgaon Pregnant Death)

CMHO को नोटिस जारी

वहीं सूरजपुर जिले में गर्भवती महिला को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही सामने आई है। बड़सरा इलाके में सड़क सुविधा नहीं होने के कारण परिजन गर्भवती को टोकरी में रखकर एंबुलेंस तक ले जाने को मजबूर हुए। एंबुलेंस तक पहुंचने से पहले ही महिला ने खुले आसमान के नीचे बच्चे को जन्म दे दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने CMHO को शो कॉज नोटिस थमाया है और तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। यह घटना स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली और ग्रामीण अंचलों में चिकित्सा व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत को उजागर करती है। (Rajnandgaon Pregnant Death)

Back to top button
error: Content is protected !!