नव्या मलिक और विधि अग्रवाल ने खोला ड्रग्स नेटवर्क का राज, अब तक 54 पैडलर्स गिरफ्तार
Navya Drug Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने ड्रग्स कनेक्शन का एक बड़ा नेटवर्क उजागर किया है। मुंबई में पकड़ी गई ड्रग्स क्वीन नव्या मलिक और उसकी सहयोगी विधि अग्रवाल से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि रायपुर से लेकर पुणे, मुंबई और गोवा तक टेक्नो पार्टियों के जरिए ड्रग्स का जाल फैला हुआ था। नव्या मलिक रायपुर के कटोरा तालाब क्षेत्र की रहने वाली है। उसने इंटीरियर डिजाइनिंग की पढ़ाई कर इसी क्षेत्र में कारोबार शुरू किया, लेकिन इसी दौरान उसकी मुलाकात ड्रग्स पैडलर्स से हुई। धीरे-धीरे उसने डिमांड पर ड्रग्स सप्लाई का नेटवर्क खड़ा कर लिया।
यह भी पढ़ें:- 17 साल के लड़के के साथ भागी 25 साल की युवती, तेलंगाना में बनाया शारीरिक संबंध, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक नव्या हर महीने मुंबई-गोवा जाती थी और वहां नाइट पार्टियों, क्लब और रिसॉर्ट्स में शामिल होती थी। पूछताछ में सामने आया कि उसके राज्य के कई बड़े उद्योगपतियों, कारोबारियों, अधिकारियों और राजनीतिक हस्तियों से गहरे संबंध रहे हैं। विदेशों में भी नव्या नाइट पार्टियों में शामिल हो चुकी है। दुबई, चीन, सिंगापुर और बैंकॉक तक उसका पहुंचना सामने आया है। नव्या ने ड्रग्स की सप्लाई के लिए रायपुर की ही विधि अग्रवाल को अपने साथ जोड़ा। विधि की ‘बिहाइंड द सीन्स’ नामक इवेंट कंपनी के जरिए फार्म हाउस, क्लब, होटल और रिसॉर्ट्स में पार्टियां आयोजित की जाती थी। इन पार्टियों में ड्रग्स का इस्तेमाल और अश्लील गतिविधियों का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस जांच में बड़े चेहरे फंसे
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल चैट से खरीदारों की पूरी लिस्ट मिली है। इसमें कई उद्योगपतियों और अफसरों के नाम शामिल हैं। अब पुलिस होटल, क्लब और फार्म हाउस मालिकों से भी पूछताछ करेगी। इस केस में हर्ष आहूजा को भी पुलिस ने रिमांड पर लिया है। पिछले एक महीने में बड़ी कार्रवाई की गई है, जिसमें ड्रग्स तस्करी के चार बड़े गिरोह का खुलासा, 54 पैडलर्स की गिरफ्तारी और 600 से ज्यादा मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जानकारी सामने आई है। एसएसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह ने बताया कि इस नेटवर्क का दिल्ली से कनेक्शन है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। (Navya Drug Case)
काउंसलिंग कराई जाएगी: SSP
उन्होंने कहा कि जिन युवाओं का नाम इस नेटवर्क में सामने आया है, उनकी काउंसलिंग कराई जाएगी और उनके परिजनों को भी बुलाया जाएगा। एसएसपीने कहा कि नव्या और विधि अग्रवाल ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि दिल्ली से ड्रग्स मंगवाकर सप्लाई की जाती थी। इनके खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं। आगे और नाम सामने आने की संभावना है। बता दें कि बीते कुछ महीनों में ड्रग्स तस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि पुलिस लगातार कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है, लेकिन ड्रग्स जैसे नाशे को लेकर छत्तीसगढ़ में एक नया विवाद छिड़ गया है। (Navya Drug Case)



