छत्तीसगढ़ के इस विश्वविद्यालय की वेबसाइट तीसरी बार हुई हैक, “पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे और PM मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट

Hemchand Yadav University: दुर्ग का हेमचंद यादव विश्वविद्यालय एक बार फिर साइबर हमले का शिकार हुआ है। 8 सितंबर 2025 को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट को हैक कर लिया गया। इस बार भी हैकर्स ने वेबसाइट पर “पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक संदेश और भारत का मजाक उड़ाने वाले पोस्टर अपलोड कर दिए। यह पिछले तीन महीनों में तीसरी बार है, जब विश्वविद्यालय की वेबसाइट को हैक किया गया है।
यह भी पढ़ें:- भारत के पड़ोसी देशों में लोकतंत्र की अग्नि परीक्षा, श्रीलंका और बांग्लादेश के बाद नेपाल अशांत
इससे पहले भी 7 जुलाई 2025 और 7 सितंबर 2025 को ऐसी ही घटनाएं सामने आ चुकी हैं। विश्वविद्यालय की वेबसाइट के हैक होने की जानकारी छात्रों को उस समय मिली जब उन्होंने साइट एक्सेस की और आपत्तिजनक सामग्री देखी। कई छात्रों ने इस घटना के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए, जिससे यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया। (Hemchand Yadav University)

बता दें कि इस हैकिंग की जिम्मेदारी पाकिस्तानी हैकर ग्रुप ने ली है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वेबसाइट के रखरखाव की जिम्मेदार निजी एजेंसी और विश्वविद्यालय प्रशासन को है, लेकिन उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं थी। लगातार हो रहे साइबर हमलों ने विश्वविद्यालय की आईटी सुरक्षा और साइबर मॉनिटरिंग सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सिर्फ 3-4 मिनट के लिए हैक हुई थी वेबसाइट: कुलसचिव
इस मामले पर हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप ने कहा कि वेबसाइट करीब तीन-चार मिनट के लिए हैक हुई थी, लेकिन 10 मिनट के अंदर रिकवर कर लिया गया। इस घटना की जानकारी तुरंत संबंधित थाने, आईबी और इंटेलिजेंस ब्यूरो को दे दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि वेबसाइट का सारा डाटा पूरी तरह सुरक्षित है और रिस्टोर कर लिया गया है। भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जा रहा है। (Hemchand Yadav University)

लगातार हो रही ऐसी घटनाएं न केवल विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा पर असर डाल रही हैं, बल्कि छात्रों की सुरक्षा और डाटा प्राइवेसी को लेकर भी गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं। अब निगाहें इस बात पर हैं कि क्या प्रशासन और तकनीकी एजेंसियां इस बार वेबसाइट की सुरक्षा को वास्तव में मजबूत कर पाएंगी या भविष्य में फिर किसी बड़े साइबर हमले की आशंका बनी रहेगी।



