Google Analytics —— Meta Pixel

नक्सलवाद खत्म हो, लेकिन नक्सली बताकर आदिवासियों की हत्या न हो: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

Ex CM Bhupesh Baghel: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नक्सलवाद को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने गरियाबंद में नक्सली और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ को लेकर कहा कि नक्सलवाद का खात्मा अच्छी बात है, लेकिन इसके साथ ही यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि निर्दोष गरीब आदिवासी मारे न जाएं। उन्होंने कहा कि अतीत में कई बार ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिनमें आदिवासियों को नक्सली बताकर मौत के घाट उतार दिया गया। बघेल ने कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में नहीं थम रहे सड़क हादसे, जगदलपुर में बोलेरो-कार भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग, दो युवकों की जिंदा जलकर मौत

उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में अपराध तेजी से बढ़ रहा है। चाकूबाजी, डकैती और हत्या जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बघेल ने कहा कि पूरा प्रदेश अपराध का गढ़ बन गया है। विधानसभा अध्यक्ष तक यह स्वीकार कर रहे हैं कि उनके क्षेत्र में घटनाएं हो रही हैं। सरकार को मजबूरन TI को सस्पेंड करना पड़ा। गैंगवार में तीन-तीन हत्याएं हुईं, तब जाकर कार्रवाई हुई। रोजाना चाकूबाजी जैसी घटनाएं हो रही हैं और इसका बड़ा कारण नशे का फैलता व्यापार है। बघेल ने प्रदेश के गृहमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वे चाहें संरक्षण में हों या लापरवाह, दोनों ही स्थितियों में कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह असफल साबित हो रहे हैं। (Ex CM Bhupesh Baghel)

गणेश विसर्जन के दिन चाकूबाजी

बता दें कि राजनांदगांव जिले के नवागांव में गणेश विसर्जन के दिन चाकूबाजी की वारदात में 3 लोगों की मौत हो गई। गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने मृतक परिवारों से संवेदना व्यक्त करते हुए विधायक निधि से 1-1 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की। मृतक राकेश धीमर की पत्नी को प्लेसमेंट के जरिए नौकरी देने का भरोसा दिलाया। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि क्षेत्र में नई पुलिस चौकी स्थापित किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा की गई है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं के पीछे सबसे बड़ा कारण युवाओं में तेजी से बढ़ रही नशे की लत है। उन्होंने कहा कि शहर और कस्बों में नशीली दवाइयां और टैबलेट्स आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। (Ex CM Bhupesh Baghel)

रमन सिंह ने जताई थी चिंता

उन्होंने कहा कि खासकर स्कूल और कॉलेज जाने वाले बच्चे और बेरोजगार युवा इनके जाल में फंस रहे हैं। नशे की वजह से उनका मानसिक संतुलन बिगड़ रहा है और छोटी-छोटी बातों पर हिंसक वारदातें सामने आ रही हैं। जब तक पुलिस और प्रशासन नशे के कारोबार पर कड़ी नकेल नहीं कसेंगे, तब तक समाज सुरक्षित नहीं हो सकता। दारू, नशीली गोलियां और इंजेक्शन की खुली बिक्री पर रोक लगाना जरूरी है। यह केवल अपराध की जड़ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को बर्बाद करने वाला खतरा है। परिजनों का कहना था कि मोहल्ले में कुछ असामाजिक तत्व लंबे समय से नशे में झगड़ा-फसाद करते थे और उनकी शिकायत पहले भी कई बार पुलिस तक पहुंचाई गई थी। परिवार का आरोप है कि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, जिसकी वजह से यह घटना घटी और उनके घर के तीन सदस्यों की जान चली गई। (Ex CM Bhupesh Baghel)

डॉ. रमन ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

इसी मुद्दे को उठाते हुए डॉ. रमन सिंह ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अगर पीड़ित परिवार द्वारा पहले की गई शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की गई होती तो यह दर्दनाक त्रासदी शायद टल सकती थी। यह केवल एक परिवार की समस्या नहीं है, बल्कि पूरे समाज की पीड़ा है। पुलिस को ऐसी शिकायतों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। डॉ. सिंह ने प्रशासन को चेताया कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बढ़ते अपराध और घटनाओं को लेकर उठाए गए सवालों पर डिप्टी CM विजय शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सरकार अपराध रोकने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तत्पर है। (Ex CM Bhupesh Baghel)

डिप्टी CM विजय शर्मा ने किया पलटवार

शर्मा ने राजनांदगांव चाकूबाजी को लेकर कहा कि घटना के दोषियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। इसमें किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती गई। रायगढ़ में 4 लोगों की हत्या मामले को लेकर कहा कि घटना की जानकारी भी मिली है, उस पर भी पुलिस पूरी गंभीरता से काम कर रही है। अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पूर्व CM पर तंज कसते हुए कहा कि भूपेश बघेल को यह दिख नहीं रहा कि पुलिस सक्रियता से कार्रवाई कर रही है। वे सिर्फ बयानबाजी और राजनीति कर रहे हैं। उन्हें प्रदेश की शांति और कानून व्यवस्था की चिंता कम और अपने राजनीतिक लाभ की चिंता ज्यादा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अपराध जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सरकार लगातार पुलिसिंग को मजबूत कर रही है और समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। (Ex CM Bhupesh Baghel)

कांग्रेस ने 8 सदस्यीय समिति का किया गठन

इधर, राजनांदगांव की घटना को लेकर कांग्रेस ने 8 सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति के संयोजक पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू बनाए गए हैं। यह समिति जल्द ही घटना स्थल का दौरा कर पार्टी को रिपोर्ट सौंपेगी। वहीं PCC चीफ दीपक बैज ने गरियाबंद में 10 नक्सलियों के मारे जाने को लेकर फोर्स को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मैं फोर्स को शुभकामनाएं देता हूं, लेकिन नक्सलवाद के खात्मे पर मार्च 2026 के बाद ही बात करेंगे। बैज ने कहा कि प्रदेश में नक्सल गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। शिक्षा दूतों की हत्या और नक्सली संगठनों की बढ़ती ताकत को उन्होंने चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितना दावा कर ले, असल स्थिति का आकलन 2026 के बाद ही संभव होगा। (Ex CM Bhupesh Baghel)

Back to top button
error: Content is protected !!