Google Analytics —— Meta Pixel

रायगढ़ में डिग्री कॉलेज के फ्रेशर्स पार्टी पर प्रशासन की रोक, जानिए क्या है वजह

Raigarh Degree College: रायगढ़ के नगर निगम ऑडिटोरियम में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राओं का फ्रेशर कार्यक्रम जिला प्रशासन की रोक के कारण अचानक रद्द कर दिया गया। इस फैसले से न केवल छात्र-छात्राएं आक्रोशित हैं, बल्कि छात्र संगठनों में भी असंतोष की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम की तैयारी पिछले कई दिनों से कॉलेज के विद्यार्थी कर रहे थे। आयोजन में लगभग 1000 छात्रों की उपस्थिति तय मानी जा रही थी। कार्यक्रम के लिए छात्रों ने रायगढ़ नगर निगम के ऑडिटोरियम में आयोजन की अनुमति ली थी और 20,000 की एडवांस राशि भी जमा की गई थी।

यह भी पढ़ें:- छात्रों को आत्मविश्वास और शैक्षिक कार्य में सक्षम बनाती है प्रेरणा: केंद्रीय राज्य मंत्री साहू

छात्रों की ओर से खाना, लाइटिंग, डीजे और सजावट जैसी तमाम व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई थी। इसके लिए हर छात्र से 200 की सहायता राशि भी पहले ही एकत्र कर ली गई थी, लेकिन कार्यक्रम शुरू होने से कुछ ही समय पहले प्रशासन ने आयोजन पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया। इस फैसले से छात्र-छात्राएं नाराज हो गए। मौके पर छात्र नेताओं और NSUI कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि यह कार्रवाई प्रशासन ने राजनीतिक दबाव में आकर की है। (Raigarh Degree College)

उन्होंने कहा कि जब सारी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थी और अनुमति भी ले ली गई थी, तब अंतिम समय में कार्यक्रम को रद्द करना छात्रों के साथ अन्याय है। इससे न केवल आर्थिक हानि हुई है, बल्कि मानसिक रूप से भी छात्र प्रभावित हुए हैं। वहीं प्रशासन ने अपने फैसले को सुरक्षा कारणों से सही ठहराया है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि ऑडिटोरियम में बिजली उपकरणों की खराबी और सुरक्षा व्यवस्था की कमी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया। (Raigarh Degree College)

प्रशासन का कहना है कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की मौजूदगी के दौरान किसी भी अनहोनी की आशंका को टालने के लिए कार्यक्रम को स्थगित किया गया। अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति आयोजन किया जा रहा था। इसलिए उसे रोका गया। अब आयोजन को लेकर अगली तिथि पर सहमति बन गई है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए चक्रधर नगर थाना समेत शहर के विभिन्न थानों से पुलिस बल को ऑडिटोरियम के बाहर तैनात किया गया था। साथ ही छात्रों को आयोजन स्थल के भीतर प्रवेश करने से रोक दिया गया था। इस घटना के बाद छात्रों के बीच गहरा असंतोष देखा गया। कई छात्रों ने कहा कि प्रशासन को अगर कोई तकनीकी या सुरक्षा समस्या थी तो यह निर्णय पहले ही लिया जाना चाहिए था, ताकि उनकी मेहनत, समय और पैसे की बर्बादी रोकी जा सकती। (Raigarh Degree College)

Back to top button
error: Content is protected !!