Shardiya Navratri 2025 Day 8: अष्टमी पर मां महागौरी की पूजा, जानें विधि और धार्मिक मान्यता
Shardiya Navratri 2025 Day 8: शारदीय नवरात्रि का आज आठवां दिन है, जिसे दुर्गा अष्टमी या महाष्टमी के नाम से भी जाना जाता है। यह दिन मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी को समर्पित है, जो शुद्धता, सौंदर्य, शांति और मोक्ष की देवी मानी जाती है।
मां महागौरी कौन हैं ?
पौराणिक कथा के मुताबिक माता पार्वती ने कठोर तपस्या की, जिसके कारण उनका शरीर काला हो गया था। भगवान शिव की कृपा से उनकी यह तपस्या पूरी हुई और गंगा जल से स्नान कर वे फिर उज्ज्वल और गौर वर्ण वाली हो गई। इसी कारण उन्हें महागौरी कहा गया, जिसका मतलब अत्यंत उज्ज्वल या महान गौरवाली है। उनका रूप श्वेत, शांत और सौम्य होता है। उनके चार हाथों में त्रिशूल, डमरू, वरमुद्रा और अभयमुद्रा होते हैं। उनका वाहन नंदी बैल है। (Shardiya Navratri 2025 Day 8)
पूजा विधि
- सुबह स्नान कर सफेद वस्त्र पहनें और पूजा स्थल की साफ-सफाई करें।
- मां महागौरी की प्रतिमा या चित्र की स्थापना करें।
- उन्हें गंगाजल, सफेद फूल, अक्षत, रोली, चंदन, धूप-दीप और नैवेद्य अर्पित करें।
- सफेद मिठाई जैसे खीर, रसगुल्ले या मिश्री भोग में लगाएं।
- मंत्र जाप करें – ॐ देवी महागौर्यै नमः।
- कन्या पूजन करें, कन्याओं को भोजन कराएं और उपहार दें।
पूजा का महत्व
मां महागौरी की आराधना से पापों का नाश होता है और मनुष्य को शुद्धता, सौभाग्य और मोक्ष की प्राप्ति होती है। यह दिन विशेष रूप से कन्याओं के पूजन और सम्मान का दिन है। मां महागौरी की कृपा से घर-परिवार में सुख-शांति और वैभव आता है। (Shardiya Navratri 2025 Day 8)
धार्मिक मान्यता
शास्त्रों में उल्लेख है कि मां महागौरी की उपासना से मनुष्य के सभी दोष दूर हो जाते हैं और जीवन में नई शुरुआत होती है। उनका उज्ज्वल रूप हमें शांति और आध्यात्मिक शुद्धि की ओर प्रेरित करता है। महागौरी का दिन नवरात्रि के अंतिम दिनों में से एक महत्वपूर्ण दिन है, जो भक्तों को आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग दिखाता है। अष्टमी का दिन मां महागौरी की भक्ति से जीवन में पवित्रता, शांति और सफलता लाता है। आज के दिन उनकी कृपा से सभी प्रकार की बाधाएं दूर होती हैं और जीवन में खुशहाली आती है। (Shardiya Navratri 2025 Day 8)



