नवा रायपुर में पहली बार अखिल भारतीय डीजीपी-आईजी सम्मेलन, नक्सलवाद पर फोकस

Nava Raipur Conference : छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर स्थित आईआईएम में पहली बार अखिल भारतीय डीजीपी-आईजी सम्मेलन का आयोजन 28 से 30 नवंबर तक किया जाएगा। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देशभर के राज्यों के पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
यह भी पढ़े :- MP के बाद छत्तीसगढ़ में भी घटिया दवा का खुलासा, सरकारी अस्पतालों में बच्चों को दी जा रही थक्कों वाली पैरासिटामोल सिरप
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके समापन सत्र में शामिल हो सकते हैं। इस दौरान आंतरिक सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियान, आतंकवाद निरोध, ड्रग्स नियंत्रण और साइबर सुरक्षा जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, केंद्र और राज्य सरकार ने 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में हाल के महीनों में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलताएं मिली हैं—कई बड़े नक्सली मारे गए हैं और कई ने आत्मसमर्पण किया है। सम्मेलन में इन सफलताओं और आगे की संयुक्त रणनीतियों पर विशेष रूप से मंथन किया जाएगा।
विकास पर भी जोर
नक्सलवाद खत्म होने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य शुरू करने की योजना बनाई जाएगी। खासकर बस्तर क्षेत्र में हुए हालिया अभियानों और उपलब्धियों पर विशेष चर्चा होगी। (Nava Raipur Conference)
पीएम मोदी का दौरा
प्रधानमंत्री मोदी 31 अक्टूबर की शाम रायपुर पहुंचेंगे और 1 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद नवंबर के अंतिम सप्ताह में वे फिर रायपुर आकर डीजीपी-आईजी सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करेंगे। (Nava Raipur Conference)



