Google Analytics —— Meta Pixel

ओडिशा की मेडिकल छात्रा के साथ पश्चिम बंगाल में गैंगरेप, आरजी कर केस की यादें फिर ताजा

Gang Rape in Bengal: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक यह वारदात शुक्रवार रात की है, जब छात्रा अपने एक लड़का दोस्त के साथ डिनर के लिए बाहर गई थी। लौटते समय तीन युवकों ने उनका रास्ता रोका। इसी दौरान छात्रा का दोस्त उसे अकेला छोड़कर भाग गया और आरोपियों ने छात्रा को जबरन एक सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की। पुलिस ने बताया कि पीड़िता ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली है और दुर्गापुर के एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में सेकेंड ईयर की छात्रा है। यह घटना कॉलेज कैंपस के बाहर हुई।

यह भी पढ़ें:- मुंबई एयरपोर्ट पर 12.58 करोड़ का सोना जब्त, 13 लोग गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला

छात्रा को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और उसकी दोस्त से भी पूछताछ की है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने छात्रा का मोबाइल फोन छीन लिया था और धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसे गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा। बाद में आरोपियों ने मोबाइल वापस देने के लिए पैसे भी मांगे। दुर्गापुर न्यू टाउनशिप थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है और सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। अब तक किसी आरोपी की पहचान या गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस कॉलेज स्टाफ और छात्रों से भी पूछताछ कर रही है। (Gang Rape in Bengal)

छात्रा के पिता का छलका दर्द

पीड़िता के पिता ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मैंने सुना था कि कॉलेज अच्छा है, इसलिए अपनी बेटी को मेडिकल की पढ़ाई के लिए भेजा था, लेकिन यहां सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है। हमें उम्मीद नहीं थी कि उसके साथ ऐसी घटना होगी। घटना के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम रविवार को दुर्गापुर जा रही है, ताकि पीड़िता और उसके परिवार से मुलाकात कर सके। NCW सदस्य अर्चना मजूमदार ने कहा कि बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। पुलिस सक्रिय कदम नहीं उठा रही, यह गंभीर चिंता का विषय है। मुख्यमंत्री को तुरंत सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। (Gang Rape in Bengal)

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार का आरोप

वहीं केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल को बलात्कारियों और अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बना दिया है। इस घटना ने 2024 में हुए आरजी कर मेडिकल कॉलेज केस की यादें ताजा कर दी हैं। 8-9 अगस्त 2024 की रात को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक ट्रेनी डॉक्टर का रेप और मर्डर किया गया था। इस मामले में आरोपी सिविक वॉलंटियर संजय रॉय को जनवरी 2025 में आजीवन कारावास की सजा दी गई थी। उस समय पूरे राज्य में भारी विरोध प्रदर्शन हुए थे और मेडिकल सेवाएं हफ्तों तक ठप रहीं। (Gang Rape in Bengal)

बंगाल में बढ़े महिला अपराध

30 सितंबर को जारी NCRB रिपोर्ट 2023 के मुताबिक महिलाओं पर अपराध के मामलों में पश्चिम बंगाल देश में चौथे स्थान पर है। रिपोर्ट में बताया गया कि साल 2023 में महिलाओं के खिलाफ 4 लाख 48 हजार 211 मामले दर्ज हुए। सबसे ज्यादा मामले पति या रिश्तेदार द्वारा क्रूरता, अपहरण, बलात्कार और छेड़छाड़ से जुड़े रहे। इस सूची में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान पहले तीन स्थानों पर हैं। जबकि मध्य प्रदेश पांचवें स्थान पर है। फिलहाल दुर्गापुर गैंगरेप मामले में जांच जारी है। पुलिस ने कहा है कि सबूत जुटाए जा रहे हैं और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। हालांकि राज्यभर में घटना को लेकर लोगों में गुस्सा और आक्रोश देखा जा रहा है। (Gang Rape in Bengal)

Back to top button
error: Content is protected !!