Google Analytics —— Meta Pixel

पुतिन का अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को जबाव, कहा- दबाव में नहीं झुकते आत्मसम्मान वाले देश

Putin Reply to Trump: अमेरिका ने बुधवार को रूस की दो सबसे बड़ी तेल कंपनियों रोसनेफ्ट और लूकोइल पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। यूएस ट्रेजरी विभाग ने कहा कि यह कदम रूस को युद्ध वित्त पोषण से रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। प्रतिबंध के तहत अमेरिका के अधिकार क्षेत्र में आने वाली इन कंपनियों की सभी संपत्ति और हित प्रभावी रूप से ब्लॉक कर दिए जाएंगे। इसे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दबाव बनाने और दोस्ती के खिलाफ बताया है। उन्होंने कहा कि यह प्रतिबंध रूस और अमेरिका के रिश्तों को और बिगाड़ेंगे।

यह भी पढ़ें:- बंदूक तानकर डील नहीं करता भारत: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

पुतिन ने दावा किया कि रूस की अर्थव्यवस्था पर इसका कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। साथ ही कहा कि कोई भी आत्मसम्मान वाला देश दबाव में नहीं झुकता। पुतिन ने बातचीत के लिए अपनी इच्छा भी जताई और कहा कि टकराव या किसी भी विवाद में बातचीत हमेशा बेहतर होती है। हमने हमेशा बातचीत जारी रखने का समर्थन किया है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अमेरिकी टॉमहॉक मिसाइलों से हमला किया गया तो रूस कड़ा जवाब देगा। पुतिन ने कहा कि रूसी तेल पर प्रतिबंध से सप्लाई घटेगी, जिससे वैश्विक तेल की कीमतें बढ़ सकती हैं। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से इस मुद्दे पर पहले ही चर्चा की थी। (Putin Reply to Trump)

36 सहायक कंपनियां होंगी प्रभावित

पुतिन का कहना है कि यह न सिर्फ रूस, बल्कि अमेरिका और पूरी दुनिया में तेल महंगा कर सकता है। यूएस ट्रेजरी ने कहा कि रूस युद्ध रोकने को लेकर गंभीर नहीं है, इसलिए ये प्रतिबंध लगाए गए हैं। दोनों कंपनियों के 50% या उससे ज्यादा हिस्सेदारी वाली सभी सहायक कंपनियों पर भी प्रतिबंध लागू होंगे। इन प्रतिबंधों के तहत कुल 36 सहायक कंपनियां प्रभावित होंगी। रिपोर्ट के मुताबिक इन कंपनियों से रूस का लगभग आधा कच्चा तेल निर्यात होता है। प्रतिबंधों के असर से वैश्विक तेल कीमतों में 5% तक की बढ़ोतरी की संभावना है। यूरोपीय संघ ने भी रूसी LNG गैस पर प्रतिबंध की घोषणा की है। (Putin Reply to Trump)

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का रोसनेफ्ट से व्यापारिक रिश्ते

अमेरिकी ट्रेजरी ने 21 नवंबर 2025 तक कंपनियों को अमेरिका के साथ लेन-देन खत्म करने का समय दिया है। अगर पालन नहीं हुआ तो जुर्माना, ब्लैकलिस्टिंग या व्यापार प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। भारतीय बिजनेसमैन मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और रूस की रोसनेफ्ट के बीच लंबे समय से मजबूत व्यापारिक रिश्ते हैं। रिलायंस रूस से आने वाले कुल कच्चे तेल के आयात का लगभग आधा हिस्सा संभालती है। दिसंबर 2024 में रिलायंस और रोसनेफ्ट ने 25 साल के लिए प्रतिदिन 5 लाख बैरल यानी सालाना 2.5 करोड़ टन कच्चे तेल के आयात का सौदा किया, जिसकी कीमत सालाना 12-13 अरब डॉलर है।

आठ महीनों में आयात में 10% की गिरावट

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत पर रूस से तेल खरीद बंद करने का दबाव डाला। ट्रम्प ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 19 अक्टूबर को बातचीत की और दावा किया कि भारत रूस से तेल की खरीद कम कर रहा है। हालांकि सच्चाई यह है कि रूस अभी भी भारत का सबसे बड़ा तेल स्रोत बना हुआ है। सितंबर 2025 में भारत ने आने वाले शिपमेंट का 34% हिस्सा रूस से खरीदा। हालांकि 2025 के पहले आठ महीनों में आयात में 10% की गिरावट आई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज और नायरा एनर्जी जैसी निजी रिफाइनरी कंपनियों ने रूस से तेल की खरीद बढ़ा दी है। (Putin Reply to Trump)

इन सप्लायर्स से कच्चा तेल खरीदता है भारत

रूसी तेल की तुलना में मध्य पूर्व अमेरिका या लैटिन अमेरिका से तेल महंगा है। भारत को अपनी तेल जरूरतों का 80% से ज्यादा आयात करना पड़ता है। प्रमुख सप्लायर्स में रूस के अलावा इराक (21%), सऊदी अरब (15%), अमेरिका (7%), UAE और लैटिन अमेरिकी देश शामिल हैं। इस तरह अमेरिका के प्रतिबंध रूस और वैश्विक तेल बाजार दोनों पर असर डाल सकते हैं। जबकि भारत जैसे बड़े आयातक को अपनी आपूर्ति रणनीति बदलने की जरूरत होगी। (Putin Reply to Trump)

Back to top button
error: Content is protected !!