Google Analytics —— Meta Pixel

मलेशिया में आसियान शिखर सम्मेलन का आयोजन, PM मोदी बोले- हर संकट में मित्र देशों के साथ खड़ा है भारत

PM on ASEAN Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 22वें आसियान शिखर सम्मेलन को वर्चुअली संबोधित किया। साथ ही आसियान देशों के नेताओं के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और क्षेत्रीय स्थिरता समेत विकास को प्रोत्साहित करने पर विचार-विमर्श किया। यह आसियान शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी की 12वीं भागीदारी थी। प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री और आसियान अध्यक्ष अनवर इब्राहिम को सफल अध्यक्षता के लिए बधाई दी। साथ ही फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर को भारत के कंट्री कोऑर्डिनेटर के रूप में उनकी भूमिका के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने तिमोर लेस्ते को आसियान के 11वें सदस्य देश के रूप में स्वागत करते हुए उसके विकास के लिए भारत के निरंतर समर्थन का आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें:- देव उठनी एकादशी पर जागेंगे श्रीहरि, गूंजेंगी शहनाइयां – जानें नवंबर-दिसंबर के विवाह मुहूर्त

थाईलैंड की क्वीन मदर के निधन पर प्रधानमंत्री ने भारतीय जनता की ओर से थाईलैंड के शाही परिवार और नागरिकों के प्रति संवेदना प्रकट की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और आसियान मिलकर विश्व की लगभग एक-चौथाई जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करते हैं। दोनों न केवल भौगोलिक रूप से जुड़े हैं, बल्कि गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों से भी एक-दूसरे से बंधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि आसियान भारत की एक्ट ईस्ट नीति का प्रमुख स्तंभ है। भारत हमेशा आसियान की केंद्रीयता और इंडो-पैसिफिक पर उसके दृष्टिकोण का समर्थन करता आया है। इस साल की आसियान समिट की थीम ‘समावेशिता और स्थायित्व (Inclusivity and Sustainability) रही। (PM on ASEAN Summit)

आसियान-भारत संबंधों को नई दिशा

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह थीम वर्तमान वैश्विक चुनौतियों के बीच डिजिटल समावेशन, खाद्य सुरक्षा और सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखला सुनिश्चित करने के हमारे साझा प्रयासों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारत इन प्राथमिकताओं को पूर्ण समर्थन देता है और इनके लिए साझे कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि भारत और आसियान के बीच सहयोग को और सुदृढ़ करने के लिए 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत हर आपदा में अपने आसियान मित्रों के साथ खड़ा रहा है। आपदा राहत, समुद्री सुरक्षा और ब्लू इकोनॉमी में हमारा सहयोग लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने शिक्षा, पर्यटन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, हरित ऊर्जा और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। प्रधानमंत्री ने आसियान-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी (2026-2030) को लागू करने के लिए आसियान-भारत कार्य योजना के विस्तारित समर्थन की घोषणा की। साथ ही उन्होंने सतत पर्यटन पर आसियान-भारत नेताओं के संयुक्त वक्तव्य को अपनाने का प्रस्ताव दिया ताकि पर्यटन सहयोग को नई ऊंचाई दी जा सके। उन्होंने दूसरी आसियान-भारत रक्षा मंत्रियों की बैठक और दूसरे आसियान-भारत समुद्री अभ्यास आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा, जिससे क्षेत्र में एक सुरक्षित समुद्री वातावरण को बढ़ावा मिले।

PM मोदी ने की कई घोषणाएं

प्रधानमंत्री ने इस सम्मेलन में कई नई घोषणाएं की है, जिसके तहत 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष घोषित किया जाएगा। तिमोर-लेस्ते को त्वरित प्रभाव परियोजनाओं (QIPs) में शामिल किया जाएगा। नालंदा विश्वविद्यालय में दक्षिण-पूर्व एशियाई अध्ययन केंद्र की स्थापना की जाएगी। आसियान पावर ग्रिड पहल को समर्थन देने के लिए अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में 400 पेशेवरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। लोथल, गुजरात में पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन समुद्री विरासत महोत्सव और समुद्री सुरक्षा सहयोग सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इन्फ्रास्ट्रक्चर, सेमीकंडक्टर, उभरती तकनीकों, दुर्लभ मृदा तत्वों और महत्वपूर्ण खनिजों में सहयोग बढ़ाने पर बल दिया गया। (PM on ASEAN Summit)

भारत-आसियान सहयोग वैश्विक स्थिरता का आधार: PM

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट कार्रवाई में विश्वास रखता है और इसे वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए सबसे बड़ी चुनौती बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-आसियान व्यापक रणनीतिक साझेदारी वैश्विक स्थिरता और विकास का सशक्त आधार बनकर उभर रही है। उन्होंने कहा कि इक्कीसवीं सदी हमारी सदी है। भारत और आसियान की सदी है। आसियान कम्युनिटी विज़न 2045 और विकसित भारत 2047 का लक्ष्य मिलकर पूरी मानवता के लिए उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करेगा। आसियान नेताओं ने भारत के दीर्घकालिक समर्थन और एक्ट ईस्ट नीति के माध्यम से क्षेत्र के साथ गहरे जुड़ाव को सशक्त बनाने की भारत की निरंतर प्रतिबद्धता की सराहना की। (PM on ASEAN Summit)

Back to top button
error: Content is protected !!