बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पहले फेज में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान जारी

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर वोटिंग जारी है। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। इस फेज में कुल 1 हजार 314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 3.75 करोड़ से ज्यादा वोटर करेंगे। राज्यभर में 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक 104 सीटों पर सीधा मुकाबला है, जबकि 17 सीटों पर त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिल रहा है। बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में चुनाव हो रहे हैं। नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:- राज्योत्सव पर वायु सेना की टीम का रोमांचक एयर शो, सेंध जलाशय के ऊपर आसमां में गूंजा ‘जय जोहार’ और ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’
दानापुर के बूथ नंबर 196 पर सुबह EVM में खराबी आने से कुछ देर मतदान प्रभावित रहा। तकनीकी दिक्कत दूर होते ही वोटिंग दोबारा शुरू की गई। वहीं दरभंगा में देर रात पुलिस ने एक युवक को एक लाख रुपए नकद के साथ पकड़ा है। पुलिस को आशंका है कि यह रकम चुनावी वितरण के लिए लाई गई थी। पहले चरण की 10 सीटें हॉट सीट मानी जा रही हैं। इन पर कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इनमें तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और अनंत सिंह जैसे प्रमुख चेहरों का राजनीतिक भविष्य इसी चरण में तय होगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
इसके अलावा इस फेज में 2 डिप्टी सीएम और 18 मंत्रियों की भी साख दांव पर है। पहले फेज के मतदान को शांतिपूर्ण बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राज्यभर के मतदान केंद्रों पर 4 लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में केंद्रीय बलों की अतिरिक्त कंपनियां लगाई गई हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। दूसरे चरण में 122 सीटों पर 11 नवंबर को मतदान होगा। दोनों चरणों के मतदान के बाद सभी की निगाहें 14 नवंबर पर टिकी होंगी, जब नतीजे आएंगे। पहला फेज राज्य की सत्ता के समीकरण तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। (Bihar Assembly Elections 2025)



