एग्जिट पोल के बाद NDA में जश्न का माहौल, नेताओं ने कहा- जंगलराज नहीं, सुशासन को मिली जीत

NDA on Exit Poll: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के एग्जिट पोल आने के बाद NDA नेताओं ने खुशी जाहिर की है। केंद्रीय मंत्री, JDU और भाजपा नेता लगातार यह दावा कर रहे हैं कि जनता ने डबल इंजन की सरकार के विकास, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विश्वास जताया है। एग्जिट पोल के मुताबिक NDA को भारी बहुमत मिलने की संभावना जताई जा रही है। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि जनता की आवाज और NDA सरकार के लिए मुहर वही एग्जिट पोल में दिखाया जा रहा है। उससे भी ज्यादा NDA के पक्ष में सीटें आएंगी। NDA सरकार बनाएगी। बिहार में पीएम मोदी के नाम और काम का जो असर है, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जो सुशासन की लहर है वह चुनाव में मतदान के रूप में देखा जा रहा है। NDA की सरकार बनेगी भारी बहुमत के साथ बनेगी।
यह भी पढ़ें:- नवा रायपुर से चीन तक छत्तीसगढ़ में खुला लॉजिस्टिक्स का वैश्विक द्वार, भारत के हृदय से विश्व बाजार तक बना नेतृत्वकर्ता
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि देश में गुजरात के बाद बिहार एक ऐसा राज्य है जहां 20 साल बाद भी सरकार के खिलाफ वातावरण नहीं बल्कि पक्ष में माहौल है। हमें लग रहा है कि 2010 से ज्यादा स्ट्राइक रेट रहेगा। महिलाओं में सरकार के प्रति एक उत्साह था। बिहार के डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र की जननी की भूमि पर निवास करने वाले हर बिहारी का मैं आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने फिर पीएम मोदी और नीतीश कुमार की डबल इंजन की सरकार के द्वारा किए जा रहे विकास की रफ्तार को बढ़ाने का अवसर दिया है। जनता ने NDA पर विश्वास किया है, लेकिन ढपोरशंखी घोषणाएं करने वाले राजद-कांग्रेस के युवराज को बिहार की जनता ने सबक सिखाया है।
NDA सरकार के लिए मतदान किया गया: जायसवाल
डिप्टी CM सिन्हा ने कहा कि हर बिहारी ने गाली देने वालों को सबक सिखाने का निर्णय दे दिया है। डबल इंजन की सरकार, पीएम मोदी और नीतीश कुमार की विकास की रफ्तार पर लोगों ने विश्वास व्यक्त किया है। मैं सभी बिहार के लोगों का हृदय से धन्यवाद देता हूं। इन लोगों ने बिहारी को गाली बनाया, बिहार को बर्बाद किया, बदनाम किया, पलायन के लिए विवश किया, नकारात्मक वातावरण से उन्माद पैदा करके निवेशक को डराने का काम किया। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि मतदाताओं के अंदर NDA सरकार को लेकर एक विश्वास जगा है, जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार बिहार के लिए विशेष पैकेज देते रहे हैं, विकसित बिहार के सपनों को पूरा करने के लिए जो काम हमने किया, डबल इंजन की सरकार ने बिहार की जनता का विश्वास जीतने का काम किया। यही कारण है कि 20 साल शासन करने के बाद भी लोग उत्सव के माहौल में हैं। NDA सरकार के लिए मतदाताओं ने मतदान करने का काम किया।
रुझान ये स्पष्ट है: JDU नेता नीरज कुमार
JDU नेता नीरज कुमार ने कहा कि एग्जिट पोल को इग्जैक्ट पोल कहकर कोई दावा नहीं कर सकता है, लेकिन मतदाताओं का रुझान ये स्पष्ट करता है कि बिहार में फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA की सरकार बनेगी। महिलाओं का मत प्रतिशत सबसे ज्यादा रहा और महिलाएं सबसे ज्यादा नीतीश कुमार को ही आशीर्वाद देती हैं। विपक्ष राजनीतिक रूप से दिव्यांग होने वाला है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लगातार पराजय हो रही है। यही हाल 2019 के लोकसभा चुनाव में रहा, 2020 का विधानसभा चुनाव में रहा और 2024 के चुनाव में भी रहा। नीतीश कुमार का काम बोल रहा है लेकिन ऐसे लोग आरोप लगा रहे हैं जिन पर 4-4 राज्यों में मामला दर्ज है। भाजपा नेता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि 2/3 से ज्यादा के बहुमत से NDA की सरकार बनने जा रही है। 20 सालों का सुशासन, नीतीश कुमार का नेतृत्व, PM नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन, कार्यकर्ताओं के पराक्रम का परिणाम है कि ऐतिहासिक परिणाम आने वाले हैं।
कांग्रेस और RJD का बिहार से सफाया शुरू हो गया: पासवान
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के नींव की ईंट विकसित बिहार की होगी। पूरे मेहनत का साथ बिहार को विकसित बनाने के संकल्प से हम अगले 5 साल काम करेंगे। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस और RJD का बिहार से सफाया शुरू हो गया है। इस बार के परिणाम सबसे ज्यादा चौंकाने वाले होंगे। इस बार के परिणाम अभी तक की सबसे बड़ी जीत देने वाले होंगे। मैं समझता हूं कि 2/3 बहुमत से बिहार में NDA की सरकार बनेगी। बिहार के बेतिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रेणु देवी ने कहा कि सरकार ने अच्छा काम किया है और बिहार का विकास हुआ है, और लोग विकास के नाम पर वोट दे रहे हैं। यह झूठे वादों के लिए वोट नहीं है, यह विकास के लिए वोट है। यह तय है कि 2025 फिर से नीतीश, इसलिए हमारा वोट प्रतिशत बढ़ा है। हम आने वाले समय में अपने वादे भी पूरे करेंगे।
नीतीश-मोदी की जोड़ी ने जबरदस्त काम किया: दुबे
केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि जब भी NDA सत्ता में आती है, कभी सत्ता का घमंड नहीं होता, सेवक के रूप में सभी को साथ लेकर अच्छी योजनाएं बनाकर काम किया जाता है। NDA गठबंधन भारी बहुमत से सरकार बनाएगा, नीतीश-मोदी की जोड़ी ने जबरदस्त काम किया है और आगे भी करती रहेगी। अब महागठबंधन के पास एक ही चीज बची है, जिस दिन वोटों की गिनती होगी, ये कहेंगे कि वोट चोरी हुई, ईवीएम को हैक किया गया क्योंकि ये आरोप लगाना इनकी आदत बन गई है। महागठबंधन वाले मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि बिहार में जो विधानसभा चुनाव हुए उसका मतदान प्रतिशत ऐतिहासिक रहा जिसके लिए हमारे तमाम बिहारी भाईयों को बधाई क्योंकि उन्होंने लोकतंत्र के स्तंभ को मजबूत करने का काम किया। आम जनमानस की जो भावनाएं निकलकर आईं वो साफ तौर पर बताती है कि इस बार बिहार में पूर्ण बहुमत के साथ NDA की सरकार बनेगी। JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि हम दावे के साथ कह सकते हैं कि एग्जिट पोल के रूझानों से बेहतर नतीजे हमारे पक्ष में आने जा रहे हैं और एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA की सरकार बनने जा रही है।
जाति समीकरण राजद और INDI गठबंधन के खिलाफ: रूडी
उन्होंने आगे कहा कि सबके लिए नीतीश कुमार ने काम किया है और डबल इंजन की सरकार होने की वजह से जो भी फैसले नीतीश कुमार ने लिए हमारा रास्ता उससे आसान हुआ। महिलाओं ने जो बढ़-चढ़कर मतदान किया है उसका फायदा नीतीश कुमार को मिलता रहा है। पूर्व में भी वहीं भरोसा पैदा करने में विपक्ष असफल रहा। बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि एग्जिट पोल तो वही बताएगा जो जनता का भाव हा या रुझान है। हम भी कई विधानसभाओं का दौरा कर रहे थे और बता रहे थे कि चौकाने वाले नतीजे आएंगे। 2010 का जो स्ट्राइक रेट रहा है उससे भी हम (NDA) बेहतर प्रदर्शन करेंगे। भाजपा नेता राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि 17 में से 13 समीक्षकों ने भाजपा और NDA की सरकार को बहुमत दिया। मेरे अनुसार इसका मुख्य कारण है कि ये चुनाव पीएम मोदी और राहुल गांधी व तेजस्वी यादव व नीतीश कुमार के बीच रहा। बिहार के लिए विकास की जो धारणा थी, वह विकास सच में हुआ है। बिहार का एक और मूल विषय है, जाति। जाति का एक समीकरण ऐसा है, जो राजद और INDI गठबंधन के खिलाफ है।



