Google Analytics —— Meta Pixel

तेजस्वी ने एग्जिट पोल को बताया दबाव की रणनीति, कहा- बिहार में बदलाव तय, सरकार के खिलाफ हुआ भारी मतदान

Tejashwi on Exit Poll: बिहार विधानसभा में महागठबंधन के CM फेस और राघोपुर विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने एग्जिट पोल को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान किया है और महागठबंधन भारी जीत दर्ज करने वाला है। तेजस्वी यादव ने कहा कि दो चरणों में मतदान खत्म हो चुका है। हम महागठबंधन के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता को दिल से धन्यवाद देना चाहते हैं कि उन्होंने इस लोकतंत्र के पर्व में बढ़-चढ़कर मतदान किया। चुनाव खत्म होने के बाद सभी लोगों से हमने जो प्रतिक्रिया ली, जो हमें सूचना मिली वे बेहद सकारात्मक है। 1995 से भी बेहतर प्रतिक्रिया हमें देखने को मिली है। सभी लोगों ने भारी मतदान करके इस सरकार के खिलाफ वोट किया है और इस बार बदलाव होने जा रहा है। कहीं भी कोई गुंजाइश नहीं रह गई है।

यह भी पढ़ें:- एग्जिट पोल के बाद NDA में जश्न का माहौल, नेताओं ने कहा- जंगलराज नहीं, सुशासन को मिली जीत

तेजस्वी यादव ने एग्जिट पोल पर कहा कि हमने पहले भी कहा था कि 14 तारीख को नतीजे होंगे और 18 को शपथ ग्रहण होगा। यह निश्चित तौर पर होने जा रहा है। भाजपा और NDA के पसीने छूट रहे हैं। वे लोग बौखलाहट में हैं और बेचैन हैं। कल वोटिंग के दौरान लोग बड़ी कतारों में खड़े थे। लोग खड़े रहे और एग्जिट पोल आता है यानी मतदान अभी खत्म नहीं हुआ कि एग्जिट पोल आ गया। इस तरह के सर्वे को लेकर हम न किसी खुशफहमी में रहते हैं और न ही गलत फहमी में रहते हैं। ये सर्वे केवल मनोवैज्ञानिक तौर पर जितने भी अधिकारी चुनाव में लगे हुए हैं, उनके दबाव में लाया गया है। 2020 की अगर तुलना इस बार से की जाए तो 72 लाख लोगों ने ज्यादा मतदान किया है। यह काफी बड़ा आंकड़ा है। हर विधानसभा में वोट बढ़े हैं। यह मत बदलाव के लिए पड़े हैं। सरकार बदलने जा रही है। (Tejashwi on Exit Poll)

दबाव डालने की रणनीति: तेजस्वी यादव

RJD उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रशासन के लोगों पर दबाव डालने की जो रणनीति है उसे हम, आप और बिहार के सभी लोग जानते हैं। सर्वे चलाया गया है और पूरा प्रयास किया जाएगा कि काउंटिंग को धीमा किया जाए। मतगणना की पूरी प्रक्रिया को धीमा करवाया जाएगा, जहां बम ब्लास्ट और अन्य घटनाएं हुई हैं वहां कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी, लेकिन लोकतंत्र की हत्या के लिए ये लोग सेना से बिहार के सभी जिलों में फ्लैग मार्च तक करवाएंगे ताकि लोगों में दहशत पैदा हो सके। महागठबंधन भारी जीत दर्ज करने जा रहा है। वहीं तेजस्वी यादव के बयान पर भाजपा नेता अजय आलोक ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी में एक शब्द है ‘डिल्यूज़्न’। जब ये हो जाती है तो व्यक्ति को 99 सीटों पर जीत दर्ज करने का भ्रम हो जाता है, खुद को मुख्यमंत्री बना लेता है और सरकार भी बना लेता है।

48 घंटे का समय है…इंतजार करें: रूडी

भाजपा नेता अजय आलोक ने कहा कि 18 तारीख को तेजस्वी यादव को शपथ लेनी चाहिए और वे यह शपथ लें कि उन्होंने जीवन में आज तक जितनी चोरी की है, जितनी गलतियां की हैं या जितने पैसे कमाए हैं वो सब लौटा देंगे और दोबारा ऐसी गलती नहीं करेंगे। इस बात की शपथ लें तो ज्यादा बेहतर रहेगा। भाजपा नेता राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि 48 घंटे का समय है। इंतजार करें। तेजस्वी की बेचैनी बढ़ गई है, क्योंकि बहुमत NDA के पक्ष में है। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि अभी जो चुनाव हुआ उसमें मतदाताओं का स्पष्ट संकेत था कि बिहार में NDA की सरकार बनने जा रही है। NDA फिर से सरकार बनाने जा रही है। ऐसा जनता ने फैसला दिया है। प्रधानमंत्री मोदी, केंद्र सरकार का विकास की इस गति को पूरा समर्थन मिला है और हम विकसित बिहार बनाने के लिए आगे बढ़े हैं। जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी और नीतीश कुमार के विकास और कानून के राज के लिए वोट किया है। जनता नहीं चाहती कि जंगलराज की वापसी हो। जनता फिर से NDA सरकार बना रही है।

महागठबंधन के लोग पिछड़ गए: संतोष कुमार

HAM (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने एग्जिट पोल पर कहा कि जनता ही मालिक है और जनता ही निर्णय लेती है। एग्जिट पोल तो आते रहते हैं, लेकिन हम जानते हैं कि कैसे जमीन पर NDA के द्वारा जो काम किया गया है, उसके प्रति लोगों में उत्साह और विश्वास है जो मत में बदला है। 2010 में जैसी लहर थी उससे भी कई ज्यादा सीटों पर हम लोग चुनाव जीत कर आ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि हवाबाजी करना, झूठी बयानबाजी करना, दिन में सपने देखना, रणनीति पर काम ना करना और जनता के बीच ना रहना, यही सब कारण है, जिससे लगता है कि महागठबंधन के लोग पिछड़ गए हैं। उनके पास कोई नेता नहीं है और वे एक-दूसरे को नेता मानने को भी तैयार नहीं हैं।

इग्जैक्ट पोल जनता का है: मृत्युंजय तिवारी

RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि एग्जिट पोल तो कई बार कई चुनाव में गलत साबित हुए हैं। कल जो एग्जिट पोल आया है इसे हम सिरे से खारिज करते हैं और जो ‘इग्जैक्ट पोल’ है जनता का, जहां जनता ने बिहार के भविष्य और बिहार में बदलाव के लिए मतदान किया है, वह 14 नवंबर को दिखेगा जब नतीजे आएंगे। इस एग्जिट पोल पर किसी को भरोसा नहीं है। ऐसा किसके इशारे पर दिखाया जाता है यह भी सब जानते हैं। महागठबंधन की सरकार बनती हुई दिखाई दे रही है और महागठबंधन 200 के पार जा रहा है। राजद विधायक आलोक मेहता ने कहा कि एग्जिट पोल चुनाव आयोग के नतीजे तो है नहीं, यह एक अनुमान है। अनुमान को केवल अनुमान को देखा जाना चाहिए।

हमें कम से कम 175 सीटे मिलेंगी: अवधेश प्रसाद

मेहता ने कहा कि सर्वे ग्रुप्स में जिस मानसिकता के लोग हैं, वे उसी तरह से सर्वे दिखाते हैं लेकिन जमीनी स्तर पर जो समर्थन हमारे पास है वो बताता है कि INDIA गठबंधन की बढ़त बनेगी। 14 तारीख को यह साफ हो जाएगा। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि एग्जिट पोल कब सही था ? आप कह रहे हैं कि वोट बढ़ा है, लेकिन बढ़ा कहां है ? मेरा मानना ​​है कि बिहार की जनता ने महागठबंधन को वोट दिया है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह एग्जिट पोल गलत है। मैंने लोगों के बीच सभा की थी। लोगों ने भाजपा की सरकार को हटाने का मन बना लिया है। पहले चरण में 121 सीटों पर चुनाव हुआ था। हम इस फैसले पर हैं कि हमें कम से कम 175 सीटे मिलेंगी। (Tejashwi on Exit Poll)

Back to top button
error: Content is protected !!