Delhi Red Fort Blast : I20 कार में सवार था आतंकी डॉ. उमर, DNA टेस्ट से हुई पुष्टि
ब्लास्ट में जले अवशेषों से मिला DNA डॉक्टर उमर की मां के सैंपल से मैच, पीएम मोदी ने घायलों से की मुलाकात
Delhi Red Fort Blast : राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम हुए कार ब्लास्ट (Delhi Red Fort Blast) मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों ने पुष्टि की है कि धमाके में इस्तेमाल हुई I20 कार चलाने वाला आतंकी डॉक्टर उमर ही था।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय जल पुरस्कारों में मिला तिहरा सम्मान
फॉरेंसिक जांच में डॉ. उमर की मां के DNA सैंपल्स को कार से बरामद हड्डियों और दांतों के सैंपल्स से मिलाया गया, जो पूरी तरह मैच हो गए हैं। इससे यह साफ हो गया कि ब्लास्ट के वक्त कार में वही मौजूद था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विस्फोट (Delhi Red Fort Blast) के बाद उमर का पैर स्टीयरिंग व्हील और एक्सीलेरेटर के बीच फंसा हुआ मिला, जिससे अंदेशा है कि धमाका अचानक हुआ और उसे कार से निकलने का मौका नहीं मिला।
ब्लास्ट से पहले कई गिरफ्तारियां, पुलिस की कार्रवाई से घबराया था उमर
धमाके से पहले देश के कई हिस्सों में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने छापेमारी कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था। सूत्रों के मुताबिक, इन्हीं कार्रवाईयों से डॉ. उमर घबरा गया था और इसी घबराहट में उसने आनन-फानन में ब्लास्ट को अंजाम दिया।
दो साल से जुटा रहा था विस्फोटक, फरीदाबाद से मिला सुराग
पुलिस जांच में पता चला है कि डॉ. उमर और उसके सहयोगी डॉक्टर शाहीन शाहिद पिछले दो वर्षों से विस्फोटक सामग्री जुटा रहे थे। शाहीन शाहिद को हाल ही में फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने बताया कि उनका पूरा नेटवर्क अल-फलाह यूनिवर्सिटी (फरीदाबाद) से संचालित हो रहा था।
अब तक 18 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और कई संदिग्धों से पूछताछ जारी है। एजेंसियों को देश के कई हिस्सों में सक्रिय इंटर-स्टेट आतंकी नेटवर्क के तार मिलने की संभावना है।
घायलों से मिलने LNJP अस्पताल पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी
भूटान दौरे से लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी LNJP अस्पताल पहुंचे और धमाके में घायल लोगों से मुलाकात की। पीएम मोदी ने डॉक्टरों से घायलों के इलाज की जानकारी ली और कहा कि “हमले को अंजाम देने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”
देशभर में अलर्ट, दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई
धमाके के बाद दिल्ली और एनसीआर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मेट्रो स्टेशन, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है। जांच एजेंसियां अब इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या दिल्ली ब्लास्ट किसी बड़े आतंकी मॉड्यूल की ट्रायल कार्रवाई थी।



