साई की शताब्दी: अटल नगर में सत्य साई बाबा की 100वीं जयंती श्रद्धा और दिव्यता के साथ संपन्न

Sathya Sai Centenary: अटल नगर नया रायपुर स्थित श्री सत्य साई संजीवनी सेंटर्स फॉर चाइल्ड हार्ट केयर में रविवार को श्री सत्य साई बाबा की 100वीं जयंती अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। यह उत्सव प्रेम, सेवा और मानवता के अद्भुत समन्वय का साक्षी बना।कार्यक्रम के विशेष अतिथि विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल की ओर से निःशुल्क बाल हृदय उपचार के माध्यम से किया जा रहा कार्य मानव सेवा का सर्वोच्च उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह सेवा-धर्म समाज को दिशा देने वाला प्रेरणास्रोत है।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh : अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 300 बोरा धान जब्त
भव्य आयोजन की शुरुआत सुबह 5 बजे ओंकारम सुप्रभातम और नगर संकीर्तन से हुई। इसके बाद रथ उत्सव, पूजा-अर्चना और संगीतमय भजन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। गिफ्ट ऑफ लाइफ कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में हृदय उपचार प्राप्त बाल रोगियों और उनके परिजनों को सम्मानित किया गया, जिसने उपस्थित जनों को भावुक कर दिया। डॉ. रमन सिंह ने केक कटिंग सेरेमनी में भाग लिया और आरती कर आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक पवित्र बनाया। दोपहर में नारायण सेवा और ग्राम सेवा के तहत सभी आगंतुकों को प्रसाद वितरण किया गया।
शाम को दीप उत्सव और आतिशबाजी का अद्भुत नजारा
शाम के सत्र में भजन, यूनिवर्सल प्रेयर, दीप उत्सव, साउंड-लाइट शो और आतिशबाज़ी के भव्य प्रदर्शन ने पूरे परिसर को प्रकाश और आनंद से आलोकित कर दिया। भक्तों, बाल रोगियों के परिवारों और गणमान्य नागरिकों ने पूरे उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लिया और इस कार्यक्रम को अविस्मरणीय बना दिया। आयोजन समिति ने सफल उत्सव पर हर्ष व्यक्त करते हुए यह संकल्प लिया कि सेवा, करुणा और मानवता के कार्य इसी तरह निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे। (Sathya Sai Centenary)



