एक्स्ट्राआर्डिनरी क्लास वर्ल्ड स्कूल में हुआ ‘यम्मी यंडर फूड फेस्टिवल’, बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुति ने बटोरा खूब सराहना
बलौदाबाजार। जिला मुख्यालय स्थित इंग्लिश मीडियम एक्स्ट्राआर्डिनरी क्लास वर्ल्ड स्कूल में विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘यम्मी यंडर फूड फेस्टिवल’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के नन्हे-मुन्नों ने आकर्षक फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। बच्चों ने नदी, पहाड़, सूर्य, तारे, चंद्रमा, पेड़-पौधे, जंगल, जीव-जंतु और पूरे ब्रह्मांड के रूपों में सुंदर व मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया।
यह भी पढ़े :- Samvidhan Divas 2025 : संविधान दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू ने नौ भाषाओं में डिजिटल संविधान लॉन्च किया
कार्यक्रम में कक्षा प्रथम से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के साथ-साथ विभिन्न पारंपरिक भारतीय, देशी और चायनीज पकवानों को स्वयं बनाकर प्रदर्शित किया। बच्चों द्वारा तैयार किए गए स्वादिष्ट व्यंजनों का अभिभावकों ने भरपूर आनंद लिया और उनकी कल्पनाशीलता एवं कौशल की प्रशंसा की।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्यालय के संचालक द्वय अभिषेक तिवारी एवं टुकेश्वर वर्मा ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को बधाई दी। साथ ही बच्चों का उत्साह बढ़ाने और कार्यक्रम में सहभागिता के लिए अभिभावकों का आभार जताया।
फूड फेस्टिवल ने न केवल बच्चों की रचनात्मक क्षमता को प्रदर्शित किया, बल्कि टीमवर्क, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराने का भी एक सफल प्रयास साबित हुआ।



