भारत की GDP में जबरदस्त उछाल, RBI का अनुमान भी पीछे छूटा

India GDP Growth: वैश्विक आर्थिक दबावों और अमेरिकी टैरिफ के बीच भी भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूत प्रदर्शन किया है। नेशनल स्टैटिस्टिकल ऑफिस यानी NSO की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में भारत की GDP 8.2% की तेज रफ्तार से बढ़ी है। यह पिछले छह क्वार्टर में सबसे ज्यादा है। पिछले साल इसी अवधि में यह ग्रोथ 5.6% थी, जबकि अप्रैल-जून 2025 में 7.8% रही थी। NSO के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती मांग, सरकार का बढ़ा खर्च और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की तेजी ने इस शानदार ग्रोथ में अहम भूमिका निभाई। GST रेट कट का पूरा असर अभी बाकी है, फिर भी नतीजे उम्मीद से कहीं बेहतर आए हैं।
यह भी पढ़ें:- गुणवत्ता युक्त शिक्षा हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता- उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा
GDP में लगभग 60% हिस्सेदारी आम लोगों के खर्च यानी प्राइवेट कंजम्प्शन की होती है। नया फोन खरीदना, बच्चों की फीस, बाइक की EMI, किराना खर्च…ये सब इसी श्रेणी में आते हैं। जुलाई-सितंबर तिमाही में प्राइवेट कंजम्प्शन 6.4% से बढ़कर 7.9% हो गया। पिछले साल लोग खर्च को लेकर सतर्क थे, लेकिन इस बार उपभोक्ताओं ने खुलकर पैसे खर्च किए। इसका सीधा असर अर्थव्यवस्था पर पड़ा और मुख्य इंजन ने फिर रफ्तार पकड़ ली। इस तिमाही की सबसे बड़ी हाईलाइट मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर रहा, जिसकी ग्रोथ 9.1% रही, जो पिछले साल सिर्फ 2.2% थी। मजबूत प्रोडक्शन और बेहतर डिमांड ने इस सेक्टर को नई ऊंचाई पर पहुंचाया।
RBI का अनुमान भी पीछे छूटा
1 अक्टूबर को RBI ने FY26 की GDP ग्रोथ का अनुमान 6.5% से बढ़ाकर 6.8% किया था, लेकिन दूसरी तिमाही के नतीजों ने इस अनुमान को भी पार कर लिया, जिससे इकोनॉमी की मजबूती और साफ हो गई है। GDP एक तय समय में देश के भीतर बने सभी गुड्स और सर्विस की वैल्यू होती है। इसमें भारत में काम कर रही विदेशी कंपनियों का प्रोडक्शन भी शामिल होता है। GDP दो तरह की होती है, पहली रियल GDP और दूसरी नॉमिनल GDP। (India GDP Growth)
कैसे मापी जाती है GDP ?
रियल GDP वह होती है, जिसमें देश में बने सभी गुड्स और सर्विस की वैल्यू को बेस ईयर के दामों पर मापा जाता है। भारत में फिलहाल 2011-12 को बेस ईयर माना गया है। इसका फायदा यह है कि इसमें महंगाई का असर नहीं होता, इसलिए यह असल ग्रोथ दिखाती है कि देश ने वास्तव में कितनी चीजें ज्यादा बनाई। उदाहरण के तौर पर अगर एक साल में 100 कारें बनीं और अगले साल 110 कारें, तो रियल GDP यह मापता है कि 10 कारें ज्यादा बनीं, भले ही कीमत बढ़ी हो या घटी हो। नॉमिनल GDP में माप करंट प्राइस यानी मौजूदा बाजार कीमतों पर किया जाता है। इसमें महंगाई शामिल रहती है। इसलिए कभी-कभी नॉमिनल GDP बढ़ती दिखती है, लेकिन असल में सिर्फ दाम बढ़े होते हैं। उदाहरण के दौरा पर अगर कार उतनी ही बनी हों लेकिन कीमत बढ़ गई, तो नॉमिनल GDP बढ़ जाएगी। चाहे उत्पादन न बढ़ा हो। चार चीजों को जोड़कर GDP बनती है।
GDP के चार मुख्य इंजन
इंजन-1: C यानी कंजम्प्शन- इसे प्राइवेट कंजम्प्शन या खर्च कहते हैं। इसमें हम-आप जो भी खरीदते हैं-कपड़े, खाना, मोबाइल, स्कूल फीस, EMI सब शामिल होता है। भारत की GDP का सबसे बड़ा हिस्सा इसी C का होता है, जो लगभग 60% है। भारतीय अर्थव्यवस्था का सबसे ताकतवर इंजन घरेलू खर्च है। जब लोग ज्यादा खरीदारी करते हैं तो दुकानों की बिक्री बढ़ती है, कंपनियां ज्यादा प्रोडक्शन करती हैं और रोजगार बढ़ता है। त्योहार, शादी सीजन, ग्रामीण खरीदारी, ई-कॉमर्स- ये सब इस इंजन को गति देते हैं। (India GDP Growth)
इंजन 2: G यानी सरकारी खर्च- सरकार सड़कें बनाती है, स्कूल-हॉस्पिटल बनाती है, डिफेंस पर खर्च करती है ये सब G में आते हैं। GDP में इसका योगदान लगभग 11% माना जाता है। मुश्किल समय में सरकार G बढ़ाकर आर्थिक गतिविधि तेज करती है। सरकार जब ज्यादा खर्च करती है, जैसे सड़क, मेट्रो, रेलवे, रक्षा, शिक्षा तो बाजार में पैसा घूमता है। इससे मांग बढ़ती है और GDP को स्थिरता मिलती है। मंदी के समय सरकार का खर्च ही इकोनॉमी को संभालता है।
इंजन 3: I यानी इन्वेस्टमेंट- यह प्राइवेट सेक्टर, कंपनियों और उद्योगों का निवेश है, जिसमें नए कारखाने, मशीनें, नई बिल्डिंग, नई टेक्नोलॉजी शामिल हैं। यह GDP का दूसरा बड़ा हिस्सा है, जो करीब 32% है। प्रोडक्शन और रोजगार बढ़ाने में इसकी सबसे बड़ी भूमिका होती है। कंपनियों का नया निवेश और बिजनेस विस्तार इस इंजन को चलाता है। कार फैक्ट्रियां, मोबाइल प्लांट, रियल एस्टेट, बड़े प्रोजेक्ट्स—ये सभी आर्थिक गतिविधि को तेज करते हैं। इसका असर सीधे रोजगार और उत्पादन पर पड़ता है।
इंजन 4: NX यानी नेट एक्सपोर्ट- इस हिस्से में एक्सपोर्ट में से इम्पोर्ट घटाया जाता है। भारत में आमतौर पर इम्पोर्ट ज्यादा और एक्सपोर्ट कम है। इसलिए NX का असर GDP पर निगेटिव पड़ता है। मतलब कुल GDP में यह हिस्सा घटाने का काम करता है। भारत में तेल, इलेक्ट्रॉनिक्स, सोना, मशीनरी का इम्पोर्ट ज्यादा है। एक्सपोर्ट भी बढ़ रहे हैं, लेकिन अब भी इम्पोर्ट को कवर करने जितने नहीं हैं।इसलिए नेट एक्सपोर्ट (NX) आमतौर पर GDP को कम करता है, न बढ़ाता है। कुल मिलाकर GDP एक ऐसा मीटर है, जो बताता है कि देश की आर्थिक सेहत कैसी है। चारों इंजन जब तालमेल से चलते हैं तो GDP तेजी से बढ़ती है। भारत में कंजम्प्शन और मैन्युफैक्चरिंग दो ऐसे इंजन हैं, जो अभी सबसे ज्यादा रफ्तार में हैं।
PM मोदी ने GDP आंकड़ों का किया स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2025-26 की दूसरी तिमाही में 8.2% GDP ग्रोथ को बहुत उत्साहजनक बताया है। उन्होंने इसे सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों, सुधारों और जनता की मेहनत का परिणाम कहा। PM मोदी ने X पर लिखा- 2025-26 की दूसरी तिमाही में 8.2% GDP वृद्धि बहुत उत्साहजनक है। यह हमारी विकासोन्मुखी नीतियों और सुधारों के प्रभाव को दर्शाता है। हमारी सरकार सुधारों को आगे बढ़ाती रहेगी और प्रत्येक नागरिक के लिए जीवन को आसान बनाती रहेगी। (India GDP Growth)



