PM नरेंद्र मोदी के ड्रामा वाले बयान से विपक्ष नाराज, कहा- असली ड्रामा तो सत्ता पक्ष कर रहा

Opposition on PM Statement: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘ड्रामा’ वाली टिप्पणी पर विपक्ष ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि शीतकालीन सत्र के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के समक्ष मुख्य मुद्दों की बात करने के बजाय फिर से “ड्रामेबाजी की डिलीवरी” की है। असलियत यह है कि संसदीय मर्यादा और संसदीय प्रणाली को पिछले 11 साल से सरकार ने लगातार कुचला है उसकी लंबी फेहरिस्त है । पिछले मानसून सत्र में ही कम से कम 12 BILLS जल्दबाजी में पारित कर दिए गए, कुछ 15 मिनट से भी कम समय में और कुछ बिना किसी चर्चा के।
यह भी पढ़ें:- संसद नाटक करने का नहीं…काम करने का स्थान है, सदन में ड्रामा नहीं, डिलीवरी होनी चाहिए: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
उन्होंने कहा कि पूरे देश ने पहले भी देखा है किस तरह आपने किसान विरोधी काले कानून, GST, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता जैसे बिल संसद में आनन-फानन में पास कराए। इसी संसद में जब मणिपुर का मुद्दा उठा तो आप तब तक चुप रहे, जब तक विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव नहीं लाया। SIR प्रक्रिया में काम के बोझ के कारण BLOs लगातार जान दे रहे हैं। विपक्ष, ‘वोट चोरी’ समेत अन्य मुद्दों को प्राथमिकता देना चाहता है और संसद में हम इसे लगातार उठाएंगे। भाजपा को अब ध्यान भटकाने का ड्रामा खत्म करना चाहिए और जनता के असली मुद्दों पर संसद में बहस करनी चाहिए।
सत्ता के अहंकार में ड्रामेबाजी का खेल: खड़गे
खड़गे ने कहा कि सच्चाई यही है कि आम आदमी बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक असमानता और देश के बहुमूल्य संसाधनों की लूट से झूझ रहा है और सत्ता में बैठे लोग, सत्ता के अहंकार में ड्रामेबाजी का खेल, खेल रहे हैं। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि जब भी आप कोई बयान दे रहे हों, तो कम से कम यह तो सोचिए कि आप लोग क्या कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नारे लगाने की बात कर रहे हैं। इसकी शुरुआत भाजपा ने की थी जब उन्होंने ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए थे। जब पंडित जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी और ऐसे ही कई लोग प्रधानमंत्री थे, तो क्या आपने उनके कार्यकाल में ऐसा कुछ देखा था? क्या लोग सदन में घुसते समय उनके नाम के नारे लगाते थे ? विपक्ष का काम सरकार की नीतियों की आलोचना करना है, लेकिन सरकार नारे लगा रही है और फिर हमें नारे न लगाने की सलाह दे रही है।
PM मोदी सबसे बड़े ड्रामा मास्टर: रेणुका चौधरी
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा कि ये ड्रामा का शब्द का उपयोग वो कर रहे हैं, जो सबसे बड़े ड्रामा मास्टर हैं। उनसे ही हमें ड्रामा सीखना है कब, कैसे करना है ये सब हमें उनसे सीखना है हमें ये आता नहीं है क्योंकि हम दिल से काम करते हैं जमीन से जुड़े हुए हैं। कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि यह पूरा देश जानता है कि ड्रामा हमेशा भाजपा की ओर से होता है। विपक्ष और कांग्रेस कभी ड्रामे में विश्वास नहीं करती। हम तो काम करने के लिए कहते हैं। डिलीवरी नहीं हो रही, इसलिए हमें आवाज उठानी पड़ रही है। आज लोगों का चुनाव आयोग से, सरकार से विश्वास क्यों उठ रहा है? सवाल यह है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि बहुत अफसोस की बात है कि सत्ता पक्ष ने पूरे सदन को, लोकतंत्र की मर्यादा को हाईजैक कर लिया है।
प्रधानमंत्री की गरिमा को लेकर सवाल
गोगोई ने कहा कि संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के मुद्दे उठने चाहिए और महत्व मिलना चाहिए, विशेष रूप से विपक्ष के मुद्दों को लेकिन हम देख रहे हैं कि आज पहले दिन से ही सत्ता पक्ष सिर्फ अपने मुद्दों पर ही चर्चा चाहते हैं, अपने द्वारा लाए गए कानूनों पर चर्चा चाहते हैं। सभी विपक्षी दलों की एक ही मांग है कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर एक चर्चा हो, लेकिन सरकार नहीं बता पा रही है कि किस दिन यह चर्चा होगी। RJD सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि अगर PM ने यहां ऐसी कोई बात कही है, तो उन्हें प्रेस कॉन्फ्रेंस करनी चाहिए। मतलब, विपक्ष हार की हताशा में है और उनमें कौनसी हताशा है। चुनाव मौलिक मुद्दों पर ना लड़कर के ‘कट्टा, मंगलसूत्र, भैंस और मुजरा’ पर लड़ रहे हैं? क्या यह प्रधानमंत्री की गरिमा है ? (Opposition on PM Statement)
विपक्ष कभी ड्रामा नहीं करता: सपा सांसद अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि ड्रामा कौन करता है ये आपको भी पता है। ड्रामा का उपयोग इसलिए करना क्योंकि D से डेमोक्रेसी है हम ये चाहते हैं कि ईमानदारी से काम हो और कोई भी मतदाता छूटे नहीं। जिन BLO की जान जा रही है तो क्या वो ड्रामा था। सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्ष कभी ड्रामा नहीं करता। विपक्ष ड्रामा करने वालों को रोकता है कि आपने घोषणा पत्र में जो बाते कहीं हैं, उनको पूरा करिए। चुनाव आयोग की जिम्मेदारी बनती है कि वो सभी का वोट बनाए और यह काम हम कर रहे हैं हैं ताकि हमारे वोट ना कटे। हम अपनी वोट बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में जो दिखाई दे रहा है, वो यह है कि भाजपा की रणनीति है कि जिन बूथों पर विपक्ष जीता है, उन बूथों पर सबसे ज्यादा वोट काटे जाएं।
PM के नाटक का पूरी दुनिया में कोई मुकाबला नहीं: अवधेश
समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने कि भाजपा के लोग तरह-तरह के नाटक करते हैं। जगजाहिर है कि उनके नाटक का पूरी दुनिया में कोई मुकाबला नहीं है। ये आरोप निराधार है। समाजवादी पार्टी सांसद अफजल अंसारी ने कि देश देख रहा था और लोग हंस रहे थे कि हम ही ड्रामा कर रहे हैं और हम दूसरों को कह रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष चाहता था कि SIR के मुद्दे पर बहुत ही गंभीर चर्चा कराई जाए लेकिन उस पर तो चर्चा नहीं हुई। प्रश्नकाल प्रारंभ करने का प्रयास किया गया, विपक्ष के लोग लॉबी में आ गए। SIR पर चर्चा करा लेने से आखिर सरकार क्यों भाग रही है? क्योंकि SIR पर चर्चा हुई तो सरकार को जवाब देना पड़ेगा। अधिकारियों ने BLO के ऊपर जो दबाव बना रखे हैं, ये बंद होने चाहिए।
सत्तारूढ़ दल किसी भी मुद्दे से भागते नहीं: सांसद नरेश बंसल
समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो विचार व्यक्त किया है तो उस विचारों का विरोध नहीं है, लेकिन वह जो कह रहे हैं वो हो जाए और जनता की समस्यों पर चर्चा हो तो मैं उन्हें धन्यवाद करता हूं। इस पर बीजेपी ने पलटवार किया है। भाजपा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि नाराजगी की कोई बात नहीं है। विपक्ष को समझना चाहिए। प्रधानमंत्री ने इसी आशय से कहा है कि सदन सुपुर्दगी का स्थान है, हंगामे का नहीं इसलिए विपक्ष वहां पर सार्थक चर्चा करे। हर चीज नियमों के अनुसार होती है, नियमों के अनुसार विषय उठाए जाएं। हर मुद्दे पर चर्चा होगी। सरकार या सत्तारूढ़ दल किसी भी मुद्दे से भागते नहीं हैं, लेकिन विपक्ष अड़ियल रूख अपनाता है। उनमें कहीं भी लचीलापन नहीं होता। जब विपक्ष अनावश्यक रूप से अड़ता है तो लगता है कि विपक्ष की मंशा संसद में चर्चा या बहस की नहीं है।
भाजपा सांसद रवि किशन ने किया पलटवार
भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि ड्रामा करना है तो एक्टिंग का पूरा स्कूल बना है वहां पर रंगमंच करे। यहां पर जनता का पैसा लगता है हजारों-करोड़ों पैसे हर रोज खर्ज होते हैं। यहां पर ड्रामा न करें हार गए हैं तो स्वीकार करे। हार पर चिंतन करें। भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि संसद सत्र चर्चा करने के लिए, बहस करने के लिए होता है या पूरे देश की समस्या रखने के लिए होता है। पूरे मानसून सत्र में विपक्ष वाले वोट चोरी का आरोप लगाते रहे। मानसून सत्र के बाद बिहार में चुनाव हुए लेकिन एक भी बिहार के नागरिक ने नहीं कहा कि उनके मत की चोरी हुई। राहुल गांधी बिहार का दौरा करते रहे, घूमते रहे लेकिन उन्हें एक भी ऐसा मामला नहीं मिला। बिहार विधानसभा चुनाव में 70% मतदान हुआ, क्योंकि कई ऐसे लोग थे जो मृत थे या कई ऐसे थे जिनके दो जगह नाम दर्ज थे, जिन लोगों को धांधली या घोटाला करना है वे चाहते हैं कि इस तरह के नाम मतदाता सूची में रहें। (Opposition on PM Statement)
अपनी हार से घबराए हुए हैं विपक्ष वाले: सांसद जायसवाल
उन्होंने कहा कि समस्या एक ही है कि विपक्ष अपनी हार से इतना घबराए हुए हैं कि बंगाल में भी वे रोहिंग्याओं के भरोसे हैं, बांग्लादेशियों के भरोसे हैं। भारतीय बंगाली के भरोसे ममता बनर्जी की सरकार बिल्कुल नहीं है और इसी कारण वे SIR का इतना विरोध कर रहे हैं। भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि विपक्ष के लोगों को किसी तरह से सदन की कार्यवाही में व्यवधान डालना है। वे लोग सदन को चलने नहीं देना चाहते हैं। पिछला शीतकालीन सत्र और मानसून सत्र भी इन लोगों ने इसी तरह से खराब किया। देखें कल ये लोग क्या करते हैं। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि कुछ लोगों को सदन में व्यवधान डालने की बहुत बेसब्री है। हमारे संसदीय कार्य मंत्री कह रहे हैं कि सरकार हर एक बिंदु पर चर्चा करवाने के लिए तैयार है लेकिन हम सभी विषयों को क्रमबद्ध तरीके से लेंगे। जब इस प्रकार का बयान आने के बाद भी कोई बहिष्कार करे तो निश्चित रूप में उसका पहले से ही तय किया गया उद्देश्य है कि सदन को नहीं चलने देंगे। आज राज्यसभा में पहला दिन था, उपराष्ट्रपति का प्रथम दिन और पहले ही दिन विपक्ष का अव्यवहारिक और असंसदीय व्यवहार, उनकी खीज को दिखाता है।
विपक्ष लोगों की नजरों से गिरते जा रहे: सांसद कंगना रनौत
बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कि अच्छी बात है कि PM मोदी ने अपना साफ संदेश दिया है कि भाजपा और उसके घटक दल काम पर विश्वास करते हैं। विपक्ष केवल और केवल नई-नई भावनात्मक बातें करता है। जनता में विपक्ष की स्वीकार्यता नहीं है और आने वाले चुनावों में भी जनता उन्हें सच बता ही देगी। भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा कि विपक्ष के लोग जितना हारते जा रहे हैं, उतना ही वो बौखलाते जा रहे हैं। आज बिल्कुल भी संसद नहीं चला है। पूरा देश यह देख रहा है। विपक्ष लोगों की नजरों से गिरते जा रहे हैं और एक के बाद एक चुनाव हारते जा रहे हैं। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि यह हंगामा नियोजित ढंग से हो रहा है। जनता देख रही है कि जहां देश के लिए चर्चा होनी चाहिए, नीति बननी चाहिए, वहां विपक्ष वाले हंगामा कर रहे हैं।



