बिना पानी बहाए बहा पैसा…! नगवाही में पंप नहीं चलने पर भी आया लाखों का बिजली बिल, नल-जल योजना में गड़बड़ी

Nal Jal Yojana Gadbadi: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के नगवाही गांव में नल-जल योजना के तहत लगे नल कनेक्शन और पंप हाउस में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत पर करीब 6 लाख का बिजली बिल थोप दिया गया है, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। पंचायत ने इस मामले को बिजली विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की बड़ी गड़बड़ी बताया है। नल-जल योजना के अंतर्गत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए गांवों में पंप हाउस, बोर और ओवरहेड टैंक स्थापित किए जाते हैं। इसी कड़ी में नगवाही, घोड़देवापारा और पाठटोला में भी पंप हाउस बनाए गए थे।
यह भी पढ़ें:- जिम से लौटने के बाद युवक ने की आत्महत्या, दोस्तों से विवाद के बाद दी जान…!
पंचायत के मुताबिक जिन तीन पंप हाउस का बिल आया है, उनमें से एक पंप हाउस में तो पंप मशीन ही नहीं लगी, फिर भी नियमित रूप से हजारों रुपए का बिजली बिल आता रहा। दूसरे पंप हाउस में पंप मशीन कुछ दिनों बाद ही खराब हो गई, लेकिन बिल आना बंद नहीं हुआ। कई जगहों पर नल कनेक्शन बंद पड़े हैं या उपयोग ही नहीं हो रहा है, फिर भी बिल लाखों में पहुंच गया।ग्राम पंचायत सरपंच मंगल सिंह का कहना है कि यह सीधी-सीधी मिलीभगत और अनियमितता है। उन्होंने कहा कि जहां पंप लगा ही नहीं, वहां मीटर लगाकर एवरेज बिल भेजा जा रहा है। कई जगह नल चालू नहीं हैं, लेकिन बिल लाखों में आ रहा है। यह गड़बड़ झाला है, जिसकी जांच जरूरी है। (Nal Jal Yojana Gadbadi)
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
सरपंच ने एक ऐसे पंप हाउस का वीडियो और लोकेशन दिखाया है, जहां बोर में पंप मशीन लगी ही नहीं, फिर भी मीटर लगाकर लगातार बिल भेजा जाता रहा। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी छोटी पंचायत पर 6 लाख का बिल असहनीय है। उनका कहना है कि पानी नहीं मिलता, पंप नहीं चलते, लेकिन बिल लाखों में है। यह सीधा अन्याय है। शिकायत के बाद यह मामला लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तक पहुंचा, जिस पर कार्यपालन अभियंता सहदेव सोनवानी ने स्वीकार किया कि मामले की जानकारी पहली बार मीडिया के माध्यम से मिली है। बिजली विभाग से चर्चा कर इस बिल विवाद का समाधान निकालेंगे। इसी तरह की शिकायतें अन्य पंचायतों से भी मिली हैं। व्यापक चर्चा कर स्थायी समाधान किया जाएगा।
कहां हो सकती है गड़बड़ी ?
ग्राम पंचायत ने दो प्रमुख आशंकाएं जताई हैं। पहला- मीटर लगाने के बाद बिना नल कनेक्शन शुरू किए बिजली विभाग ने एवरेज बिल जारी करना शुरू कर दिया। दूसरा- योजना के हैंडओवर से पहले ठेकेदार ने टेस्ट रन के नाम पर बिजली का उपयोग किया और उसका बिल नहीं भरा। वही बिल अब जोड़कर ग्राम पंचायत पर डाल दिया गया है। फिलहाल ग्राम पंचायत ने मामले की जांच, बिल की फिर समीक्षा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। गांव में नल-जल योजना पहले ही धीमी गति से चल रही थी, अब इस बिल विवाद ने योजना पर और भी सवाल खड़े कर दिए हैं। (Nal Jal Yojana Gadbadi)



