Google Analytics —— Meta Pixel

पाक CDF आसिम मुनीर का बड़ा दावा, कहा- भारत से संघर्ष में मिली अल्लाह की मदद

Pakistani CDF Asim Munir: पाकिस्तानी सेना प्रमुख और पहले चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (CDF) जनरल आसिम मुनीर ने भारत के साथ मई महीने में हुए सैन्य संघर्ष को लेकर बड़ा दावा किया है। मुनीर ने कहा कि इस संघर्ष के दौरान अल्लाह की मदद मिली, जिसे उन्होंने और उनकी सेना ने महसूस किया। उनके मुताबिक इसी वजह से हालात पूरी तरह बेकाबू होने से बच गए। यह बयान उन्होंने 10 दिसंबर को इस्लामाबाद में आयोजित नेशनल उलेमा कॉन्फ्रेंस में दिया।

यह भी पढ़ें:- खैरागढ़ के CAF कैंप में जवान की गोली मारकर हत्या, थप्पड़ मारने पर साथी जवान ने ली जान

भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और PoK में आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की मौत हुई थी। भारतीय कार्रवाई के बाद दोनों देशों के बीच हालात तेजी से बिगड़े और चार दिनों तक भारी गोलीबारी और सैन्य टकराव चलता रहा। आखिरकार 10 मई को दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद संघर्ष रुका। इस दौरान भारत ने कहा था कि उसने पाकिस्तान के 11 एयरबेस को तबाह किया।

इस्लामी राज्य से धर्म और पाकिस्तान की तुलना

जनरल मुनीर ने धार्मिक मुद्दों पर जोर देते हुए पाकिस्तान की तुलना 1400 साल पहले पैगंबर मोहम्मद के स्थापित इस्लामी राज्य से की। उन्होंने कुरान की आयतें पढ़ी और कहा कि इस्लामी दुनिया में पाकिस्तान को विशेष दर्जा प्राप्त है। मुनीर ने कहा कि दुनिया में 57 इस्लामी देश हैं, लेकिन अल्लाह ने पाकिस्तान को हरमैन शरीफैन (मक्का और मदीना) की हिफाजत का सम्मान दिया है। पाकिस्तान की पश्चिमी सीमा पर सुरक्षा हालात पर बोलते हुए मुनीर ने अफगानिस्तान की तालिबान सरकार को चेतावनी दी। साथ ही कहा कि उसे पाकिस्तान और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) में से किसी एक को चुनना होगा।

Pakistani CDF Asim Munir

मुनीर ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान में घुसपैठ करने वाले TTP आतंकियों में लगभग 70% अफगान नागरिक हैं। मुनीर ने सवाल उठाया कि क्या पाकिस्तानी नागरिकों के खून के लिए अफगानिस्तान जिम्मेदार नहीं है ? मुनीर ने यह भी कहा कि किसी इस्लामी देश में जिहाद का ऐलान करने का अधिकार सिर्फ उस देश की सरकार को होता है। बिना सरकारी अनुमति कोई फतवा जारी नहीं कर सकता। साथ ही दावा किया कि पाकिस्तान की ज्यादातर आंतरिक समस्याओं की जड़ अफगानिस्तान से आए लोग हैं।

पहले भी दे चुके हैं कट्टरपंथी बयान

जनरल आसिम मुनीर इससे पहले भी कई बार कट्टरपंथी और विवादित बयान दे चुके हैं। इसी साल अप्रैल में उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान की नींव कलमे पर रखी गई है। हम हर मामले में हिंदुओं से अलग हैं। हमारा धर्म, संस्कृति, रीति-रिवाज और सोच अलग है। यही टू-नेशन थ्योरी की बुनियाद थी। मुनीर ने यह भी कहा था कि आज तक सिर्फ दो रियासतों की बुनियाद कलमे पर पड़ी। पहली रियासत-ए-तैयबा (मदीना) और दूसरी 1300 साल बाद अल्लाह ने पाकिस्तान बनाई। (Pakistani CDF Asim Munir)

CDF और COAS दोनों पदों पर नियुक्ति

पाकिस्तान सरकार ने 4 दिसंबर को आसिम मुनीर को देश का पहला चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (CDF) नियुक्त किया। इसके साथ ही वे चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (COAS) का पद भी संभाल रहे हैं। दोनों पदों पर उनका कार्यकाल पांच साल का होगा। मुनीर पाकिस्तान के पहले सैन्य अधिकारी हैं जो एक साथ CDF और COAS दोनों पदों पर हैं। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने उनकी नियुक्ति की सिफारिश राष्ट्रपति को भेजी थी। इसी साल उन्हें फील्ड मार्शल के पद पर पदोन्नत भी किया गया।

परमाणु हथियारों की कमान भी मुनीर के हाथ

पाकिस्तानी संसद ने 12 नवंबर को सेना की ताकत बढ़ाने वाला 27वां संवैधानिक संशोधन पास किया था। इसी संशोधन के तहत CDF का पद बनाया गया, जिससे पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की कमान भी अब आसिम मुनीर के पास आ गई है। इस तरह वे देश के सबसे ताकतवर व्यक्ति बन गए हैं। बता दें कि 29 नवंबर 2022 को आसिम मुनीर को सेना प्रमुख नियुक्त किया गया था। उनका मूल कार्यकाल तीन साल का था, जो 28 नवंबर 2025 को समाप्त हो चुका है, लेकिन नए संवैधानिक बदलावों के बाद उनका प्रभाव और अधिकार दोनों बढ़ गए हैं। (Pakistani CDF Asim Munir)

Back to top button
error: Content is protected !!