Google Analytics —— Meta Pixel

खैरागढ़ के CAF कैंप में जवान की गोली मारकर हत्या, थप्पड़ मारने पर साथी जवान ने ली जान

Khairagarh CAF Camp Firing: खैरागढ़ जिले के घाघरा गांव स्थित CAF (छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स) बटालियन कैंप में एक जवान ने थप्पड़ मारने पर अपने साथी पर फायरिंग कर दी, जिससे जवान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना गातापार थाना क्षेत्र की है। मृतक जवान की पहचान उत्तर प्रदेश के सोनवीर जाट के रूप में हुई है। वहीं आरोपी जवान अरविंद गौतम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:- “जो कहा, वह किया… जो नहीं कहा, वह भी करके दिखाया” – नड्डा

जानकारी के मुताबिक रविवार रात खाना खाने के बाद सभी जवान कैंप में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी जवान अरविंद गौतम ने अपनी सर्विस राइफल से सोनवीर जाट पर गोली चला दी। गोली सोनवीर के हाथ को चीरते हुए उसके गाल में जा फंसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनते ही कैंप में हड़कंप मच गया और जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। घायल जवान सोनवीर को तत्काल जिला मुख्यालय के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

दरअसल, रविवार देर रात सोनवीर जाट और अरविंद गौतम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस बीच सोनवीर जाट ने अरविंद गौतम को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद गुस्से में अरविंद गौतम ने सर्विस राइफल से सोनवीर जाट को गोली मार दी। फिलहाल पुलिस ने अरविंद गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही सर्विस राइफल जब्त कर लिया है। जवानों ने बताया कि सोनवीर जाट और अरविंद गौतम दोस्त थे। दोनों साथ में ड्यूटी भी करते थे, लेकिन अचानक कैसे विवाद हुआ, उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है।

थप्पड़ मारने पर चलाई गोली: ASP

एडिशनल एसपी नितेश कुमार गौतम ने बताया कि अरविंद गौतम रात में पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान रात 12 बजे उसने अपनी इंसास राइफल से एक राउंड फायरिंग की। अभी थप्पड़ मारने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। साथी जवानों से पूछताछ की जा रही है। वारदात के बाद कैंप और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों के आधार पर की जा रही है। किसी भी स्तर पर लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

यह घटना न सिर्फ सुरक्षाबलों के भीतर अनुशासन और आपसी समन्वय पर सवाल खड़े करती है, बल्कि कैंप के अंदर पनप रहे आंतरिक तनाव को भी उजागर करती है।  इससे पहले भी प्रदेश में सुरक्षाबलों से जुड़े कई गंभीर मामले सामने आ चुके हैं। 2 दिसंबर को रायगढ़ के RPF पोस्ट में गोलीकांड हुआ था, जिसमें हेड कॉन्स्टेबल पीके मिश्रा की मौत हो गई थी। उनके साथी हेड कॉन्स्टेबल कुमार सिंह लादेर ने उन पर कई राउंड फायरिंग की थी। (Khairagarh CAF Camp Firing)

जवान लगातार दे रहे जान

वहीं 17 दिसंबर को BSF जवान सचिन कुमार ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के सिंगोली गांव के रहने वाले थे। वहीं दंतेवाड़ा जिले में 27 अक्टूबर को CRPF जवान जसवीर सिंह (उम्र 46) ने अपने कैंप में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह गीदम थाना क्षेत्र के जवांगा इलाके में CRPF की 231वीं बटालियन के मुख्यालय में तैनात थे। 9 सितंबर सुकमा में CRPF जवान शशि भूषण कुमार (उम्र 31) ने ड्यूटी के दौरान LMG से खुद को गोली मार ली थी। पुलिस को 6 पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला था। (Khairagarh CAF Camp Firing)

177 सुरक्षाकर्मियों ने की आत्महत्या

बता दें कि छत्तीसगढ़ में पिछले करीब साढ़े छह सालों (2019-15 जून 2025) के दौरान 177 सुरक्षाकर्मियों ने आत्महत्या की है। राज्य सरकार ने विधानसभा में बताया कि 2019 से 15 जून 2025 के बीच छत्तीसगढ़ में 177 सुरक्षाकर्मी ने जान दी है, जिनमें CRPF, BSF, ITBP, SSB, CISF समेत राज्य पुलिस के जवान शामिल हैं। • इसी अवधि में करीब 18 ऐसे मामले भी दर्ज हुए, जिनमें सुरक्षाकर्मियों ने अपने ही साथियों पर फायरिंग की या हत्या की थी। इन घटनाओं ने सुरक्षाबलों के बीच मानसिक तनाव, पारिवारिक समस्याओं और ड्यूटी के दबाव जैसे मुद्दों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां इन मामलों की जांच कर रही हैं, ताकि भविष्य में ऐसे मामलों को रोका जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!