Google Analytics —— Meta Pixel

कांकेर विवाद के विरोध में कल छत्तीसगढ़ बंद, चैंबर ऑफ कॉमर्स ने दिया समर्थन

Chhattisgarh Bandh : कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में मतांतरण से जुड़े मामलों, उसके विरोध में हुई हिंसक घटनाओं और प्रशासनिक भेदभाव के आरोपों को लेकर कल 24 दिसंबर को छत्तीसगढ़ बंद (Chhattisgarh Bandh) का आह्वान किया गया है। यह आह्वान सर्व समाज छत्तीसगढ़ की ओर से किया गया है, जिसे छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने समर्थन देने की घोषणा की है।

कठोर कार्रवाई और कानून लागू करने की मांग

सर्व समाज के पदाधिकारियों ने सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को शीघ्र लागू करने और कांकेर में जनजातीय समाज पर हुए हमलों के लिए जिम्मेदार तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार सामाजिक तनाव और जनजातीय आस्थाओं पर आघात की घटनाएं सामने आ रही हैं।

यह भी पढ़े :- ज्ञानपीठ सम्मानित साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल का निधन, 88 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बंद शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न सामाजिक, जनजातीय और नागरिक संगठन सहभागिता करेंगे।

कांकेर के नए पुलिस अधीक्षक नियुक्त

कांकेर में हालिया हिंसा के बाद राज्य सरकार ने आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। कांकेर की एसपी इंदिरा कल्याण एलेसेला को हटाकर उन्हें डीआईजी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल उत्तरी रेंज (सरगुजा) के पद पर पदस्थ किया गया है।

उनके स्थान पर 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी निखिल अशोक कुमार रखेचा, जो अब तक गरियाबंद जिले के एसपी थे, को कांकेर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, वेदव्रत सिरमौर को गरियाबंद जिले का नया एसपी बनाया गया है।

मतांतरण विवाद के बाद भड़की थी हिंसा

कांकेर जिले के आमाबेड़ा और बड़े तेवड़ा क्षेत्र में मतांतरण को लेकर उत्पन्न विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इस दौरान दो समुदायों के बीच तनाव बढ़ने से आगजनी, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। हालात नियंत्रित करने के दौरान पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

25 से अधिक पुलिसकर्मी हुए घायल

हिंसा के दौरान एडिशनल एसपी, डीआईजी, एसआई और एएसआई सहित 25 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। घटना को गंभीरता से लेते हुए गृह (पुलिस) विभाग ने सोमवार को तबादला आदेश जारी किया।

प्रशासन ने बंद को देखते हुए शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। (Chhattisgarh Bandh)

Back to top button
error: Content is protected !!