कांकेर में बवाल के बाद SP का ट्रांसफर, चर्च लीडर महेंद्र बघेल ने की धर्म वापसी

Chhattisgarh Bandh Announced: कांकेर के बड़े तेवड़ा गांव में शव दफनाने को लेकर हुए विवाद के बाद राज्य सरकार ने SP इंदिरा कल्याण एलेसेला का तबादला कर दिया है। उन्हें छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) उत्तरी रेंज, सरगुजा भेजा गया है। उनकी जगह निखिल अशोक कुमार को कांकेर जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं देवव्रत सिरमौर को गरियाबंद जिले का नया SP बनाया गया है। यह तबादला ऐसे समय में हुआ है, जब कांकेर जिला धार्मिक और सामाजिक तनाव के दौर से गुजर रहा है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में कौशल-एकीकृत औद्योगिक विकास को नई गति: मुख्यमंत्री साय
इस बीच बड़े तेवड़ा गांव में के चर्च लीडर महेंद्र बघेल ने सार्वजनिक रूप से ईसाई धर्म त्यागकर हिंदू धर्म में घर वापसी कर ली है। महेंद्र बघेल ने शीतला मंदिर में सर्व समाज की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर रामायण को अंगीकार करते हुए हिंदू धर्म स्वीकार किया। इस दौरान उन्होंने कुछ लोगों के नाम भी गिनाए, जिन पर उन्होंने षड्यंत्र रचकर गांव में तनाव और हिंसा फैलाने का आरोप लगाया। महेंद्र बघेल ने दावा किया कि आने वाले दिनों में अन्य लोगों की भी घर वापसी हो सकती है।

बता दें कि कुछ दिन पहले आमाबेड़ा और बड़े तेवड़ा गांव में ईसाई समुदाय और आदिवासी समाज आमने-सामने आ गए थे। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस घटना में कांकेर IG, एडिशनल SP समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और ग्रामीण घायल हुए थे। हिंसा की जड़ शव दफनाने और धर्मांतरण को लेकर उपजे विवाद को बताया जा रहा है। वहीं आमाबेड़ा हिंसा के विरोध में सर्व समाज, जनजाति सुरक्षा मंच, सर्व हिंदू समाज और कई सामाजिक संगठनों ने 24 दिसंबर को पूरे छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया है। इस बंद को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी समर्थन देने की घोषणा की है। संगठनों ने आम नागरिकों से शांतिपूर्ण तरीके से बंद को सफल बनाने की अपील की है।

आमाबेड़ा हिंसा को लेकर सर्व समाज, बस्तर और जनजाति सुरक्षा मंच ने रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। मंच के प्रतिनिधि देवेंद्र नेताम ने कहा कि पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में ग्राम सभा की अनुमति के बिना शव दफनाया गया। यह जनजातीय परंपराओं और संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन है। बाहरी लोगों और भीम आर्मी की मौजूदगी से क्षेत्र में तनाव बढ़ा। सरपंच को कथित रूप से धमकाकर ईसाई रीति से दफन कराया गया। 17 दिसंबर को निहत्थे ग्रामीणों पर संगठित हमला किया गया, जिसमें करीब 25 लोग घायल हुए। मंच ने यह भी आरोप लगाया कि जब ग्रामीण आवेदन देने पहुंचे तो अधिकारियों ने आवेदन लेने से इनकार कर दिया।
जगदलपुर में सर्व समाज की हुंकार
जगदलपुर के पत्रकार भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में सर्व समाज, छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज, जनजाति सुरक्षा मंच, विश्व हिंदू परिषद समेत कई संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। समाज प्रमुखों ने आरोप लगाया कि आमाबेड़ा में योजनाबद्ध तरीके से भीम आर्मी और धर्मांतरित समूहों ने आदिवासियों पर हमला किया और इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध रही। संगठनों ने मांग की कि दोषी अधिकारियों की जांच कर उन्हें आदिवासी इलाकों से हटाया जाए। आदिवासी बहुल क्षेत्रों में बने चर्चों की जांच की जाए। सर्व हिंदू समाज ने शासन के समाने पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। (Chhattisgarh Bandh Announced)
सर्व हिंदू समाज ने रखी पांच सूत्रीय मांगें
- धर्म स्वतंत्रता विधेयक को प्रभावी और सख्ती से लागू किया जाए।
- प्रलोभन, दबाव या षड्यंत्र से हो रहे धर्मांतरण पर रोक लगे।
- धर्मांतरण से उत्पन्न सामाजिक तनाव को गंभीरता से लिया जाए।
- दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो।
- भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
सर्व समाज की चेतावनी
सर्व समाज प्रमुख बृजलाल राठौर ने कहा कि कांकेर जिले में जनजाति समाज पर हुआ हमला अत्यंत निंदनीय है। जब तक दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। 24 दिसंबर को छत्तीसगढ़ बंद के माध्यम से सरकार और प्रशासन का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित किया जाएगा। प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। अब सभी की निगाहें 24 दिसंबर के छत्तीसगढ़ बंद और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। (Chhattisgarh Bandh Announced)



