एविएशन सेक्टर में बढ़ेगा मुकाबला: केंद्र सरकार ने 3 नई एयरलाइंस को दी NOC, यात्रियों को मिलेंगे ज्यादा विकल्प

3 New Airlines: केंद्र सरकार ने एविएशन सेक्टर में कॉम्पिटिशन बढ़ाने और बड़ी एयरलाइनों पर निर्भरता कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने तीन नई एयरलाइंस शंख एयर, अलहिंद एयर और फ्लाई एक्सप्रेस को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी कर दिया है। सरकार का मानना है कि इससे देश में हवाई सेवाओं का विस्तार होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाओं के साथ ज्यादा विकल्प मिलेंगे। यह फैसला ऐसे समय पर लिया गया है, जब हाल ही में देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के संचालन से जुड़ी कुछ दिक्कतें सामने आई थी। इसके बाद यह महसूस किया गया कि भारतीय एविएशन बाजार में विकल्पों की कमी है और नई कंपनियों को आगे लाने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें:- तमिलनाडु में भीषण सड़क हादसा, टायर फटने से बस ने डिवाइडर पार कर दो कारों को कुचला, 9 की मौत
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि सरकार का लक्ष्य भारतीय आसमान में ज्यादा से ज्यादा एयरलाइंस को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि नई एयरलाइंस के आने से यात्रियों को बेहतर सेवा, ज्यादा रूट्स और प्रतिस्पर्धी किराए मिलेंगे। सरकार चाहती है कि एविएशन सेक्टर कुछ गिनी-चुनी कंपनियों तक सीमित न रहे। मंत्री ने यह भी बताया कि स्टार एयर, इंडिया वन एयर और फ्लाई 91 जैसी छोटी एयरलाइंस पहले ही उड़ान योजना के तहत परिचालन शुरू कर चुकी हैं और उन्होंने छोटे शहरों-कस्बों को हवाई नक्शे पर लाने में अहम भूमिका निभाई है। (3 New Airlines)

एयर कनेक्टिविटी होगी मजबूत: एक्सपर्ट
एविएशन इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि इन तीन नई एयरलाइंस के आने से भारतीय एविएशन सेक्टर में नई प्रतिस्पर्धा शुरू होगी। हालांकि जानकारों का कहना है कि असली चुनौती अब शुरू होती है, क्योंकि इन कंपनियों को पर्याप्त पूंजी जुटानी होगी। विमान बेड़े (फ्लीट) की व्यवस्था करनी होगी। प्रशिक्षित पायलट और स्टाफ नियुक्त करना होगा। मजबूत रूट नेटवर्क तैयार करना होगा। एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर ये एयरलाइंस सफल होती हैं तो यात्रियों को टिकट के ज्यादा विकल्प मिलेंगे और देश के दूर-दराज इलाकों की एयर कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। (3 New Airlines)

एनओसी के बाद भी लंबा रास्ता बाकी
एनओसी मिलने का मतलब यह नहीं है कि एयरलाइन तुरंत उड़ान शुरू कर देगी। अब इन कंपनियों को डीजीसीए (DGCA) से एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट (AOC) लेना होगा। इसके साथ ही विमान, मेंटेनेंस सिस्टम, सेफ्टी ऑडिट, पायलट ट्रेनिंग और रूट अलॉटमेंट जैसी कई प्रक्रियाओं को पूरा करना होगा। यह पूरी प्रक्रिया आमतौर पर कई महीनों तक चलती है। इसी दौरान यह तय होता है कि कोई एयरलाइन आर्थिक और परिचालन रूप से उड़ान के लिए कितनी तैयार है। भारत का घरेलू एविएशन बाजार आज दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में शामिल है। सरकार का मानना है कि जितनी ज्यादा एयरलाइंस होंगी, उतनी ही ज्यादा उड़ानें और सीटें उपलब्ध होंगी। इससे न सिर्फ देश की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि प्रतिस्पर्धा बढ़ने से टिकट के दाम भी काबू में रहेंगे।
तीनों नई एयरलाइंस के बारे में जानिए
शंख एयर उत्तर प्रदेश आधारित नई एयरलाइन है, जिसे सरकार से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिल चुका है। यह एयरलाइन खुद को फुल-सर्विस कैरियर (FSC) के तौर पर स्थापित करने की तैयारी में है। यानी इसमें यात्रियों को मुफ्त लगेज, ऑन-बोर्ड मील्स और बेहतर सीटिंग जैसी सुविधाएं मिलने की संभावना है। शंख एयर का शुरुआती फोकस देश के बड़े महानगरों और प्रमुख राज्यों को आपस में जोड़ने पर रहेगा। कंपनी चरणबद्ध तरीके से नेटवर्क का विस्तार करेगी, ताकि शुरुआती परिचालन खर्च को नियंत्रित रखा जा सके और घाटे से बचा जा सके। कंपनी की योजना 2026 की पहली तिमाही में व्यावसायिक उड़ानें शुरू करने की है। अगले 2 से 3 सालों में 20 से 25 विमानों का बेड़ा तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि शंख एयर के आने से फुल-सर्विस सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवा और विकल्प मिल सकते हैं।
अलहिंद एयर का शहरों की कनेक्टिविटी पर जोर
अलहिंद एयर केरल स्थित अलहिंद ग्रुप की नई पहल है। यह ग्रुप पहले से ट्रैवल, टूरिज्म और हज-उमराह सेवाओं के क्षेत्र में सक्रिय रहा है। इसी अनुभव के आधार पर अब कंपनी एविएशन सेक्टर में उतर रही है। अलहिंद एयर का मॉडल रीजनल और लो-कॉस्ट कनेक्टिविटी पर आधारित होगा। कंपनी छोटे विमानों (टर्बोप्रॉप या नैरो-बॉडी) के जरिए कम दूरी की उड़ानों पर फोकस करेगी, ताकि संचालन लागत कम रहे और किराए किफायती बनाए जा सकें। इस एयरलाइन का मुख्य लक्ष्य टियर-2 और टियर-3 शहरों को हवाई नक्शे पर लाना है। ऐसे कई शहर और कस्बे हैं, जहां अभी भी सीमित या कोई हवाई सेवा नहीं है। अलहिंद एयर इन्हीं क्षेत्रों में अपनी मजबूत पकड़ बनाना चाहती है। विशेषज्ञों के अनुसार अलहिंद एयर उड़ान योजना जैसी सरकारी पहलों के साथ तालमेल बैठाकर काम कर सकती है, जिससे रीजनल कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी।
फ्लाई एक्सप्रेस: पैसेंजर के साथ कार्गो पर भी नजर
फ्लाई एक्सप्रेस की पहचान अन्य दोनों एयरलाइंस से अलग है। यह कंपनी पहले से कार्गो और लॉजिस्टिक्स सेक्टर से जुड़ी रही है और अब पैसेंजर एविएशन में कदम रखने जा रही है। फ्लाई एक्सप्रेस डुअल बिजनेस मॉडल पर काम कर रहा है। फ्लाई एक्सप्रेस का मॉडल पैसेंजर + कार्गो पर आधारित होगा। यानी यात्री उड़ानों के साथ-साथ कार्गो सेवाएं भी दी जाएंगी। इससे कंपनी को एक अतिरिक्त और स्थिर राजस्व स्रोत मिलेगा। भारत में ई-कॉमर्स, फार्मा और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के बढ़ने से घरेलू एयर-कार्गो की मांग तेजी से बढ़ रही है। फ्लाई एक्सप्रेस इसी मांग को भुनाने की तैयारी में है। विशेषज्ञों का मानना है कि कार्गो से होने वाली नियमित आय से कंपनी को शुरुआती सालों में घाटे से उबरने में मदद मिल सकती है, जो कई नई एयरलाइंस के लिए बड़ी चुनौती होती है।
कुल मिलाकर क्या बदलेगा ?
तीनों एयरलाइंस अलग-अलग सेगमेंट पर काम करेंगी। इससे भारतीय एविएशन सेक्टर में संतुलित प्रतिस्पर्धा, बेहतर कनेक्टिविटी और यात्रियों के लिए ज्यादा विकल्प सामने आने की उम्मीद है। सरकार के इस फैसले से साफ है कि भारतीय एविएशन सेक्टर को ज्यादा प्रतिस्पर्धी और यात्रियों के अनुकूल बनाने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। अगर ये नई एयरलाइंस सफल होती हैं तो आने वाले सालों में यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी, ज्यादा विकल्प और किफायती टिकट मिल सकते हैं। बता दें कि हाल ही में भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो में एक बड़े परिचालन संकट का सामना करना पड़ा, जिसने देशभर में हवाई यात्रा को प्रभावित किया और यात्रियों को परेशानी में डाला। इसका असर कई दिनों तक रहा। इस संकट ने यह संकेत दिया कि भारतीय एविएशन बाजार में एक एयरलाइन पर अत्यधिक निर्भरता यात्रियों के लिए जोखिम पैदा कर सकती है।




