ठंडा भजिया बनी मौत की वजह: रायपुर में डेयरी कर्मचारी ने दोस्त की रॉड से पीट-पीटकर की हत्या

Murder in Raipur: राजधानी रायपुर से हत्या का मामला सामने आया है, जहां खम्हारडीह थाना क्षेत्र में डेयरी कर्मचारी ने मामूली विवाद के बाद अपने ही दोस्त की रॉड से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। हत्या के बाद आरोपी लाश के पास बैठकर रोता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान दुर्गेश धृतलहरे (27 साल) के रूप में हुई है। जबकि आरोपी का नाम सन्नी साहू है। दोनों रायपुर के कचना स्थित एक दूध डेयरी में काम करते थे।
यह भी पढ़ें:- भारत ने अमेरिका के सामने रखा आखिरी ट्रेड प्रस्ताव, 50% टैरिफ घटाकर 15% करने की मांग
पुलिस के मुताबिक 23 दिसंबर की रात दुर्गेश और सन्नी डेयरी के कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे। शराब पीने के बाद दुर्गेश भजिया लेकर आया, लेकिन भजिया ठंडा होने पर सन्नी नाराज हो गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर सन्नी ने गुस्से में आकर दुर्गेश को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद पहले चाकू से वार किया और फिर रॉड से लगातार हमला किया। आरोपी ने दुर्गेश को घसीट-घसीटकर लात-घूसों से भी पीटा। गंभीर चोट लगने से दुर्गेश खून से लथपथ होकर बेहोश हो गया। (Murder in Raipur)
घायल दोस्त को अस्पताल ले गया आरोपी
घटना के बाद सन्नी ने दुर्गेश को उठाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं उठा तो उसे इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने दुर्गेश को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपी अपने दोस्त की लाश के पास बैठकर रोता रहा और पश्चाताप करता रहा। खम्हारडीह पुलिस के अनुसार डेयरी संचालक चिंटू साहू ने रात करीब एक बजे पुलिस को सूचना दी कि उसके दोनों कर्मचारी गायब हैं। कमरे में खून फैला हुआ है और घसीटने के निशान दिखाई दे रहे हैं। (Murder in Raipur)
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें पूरी वारदात कैद मिली। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी सन्नी साहू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। आरोपी की तलाश के लिए टीम बनाई गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने मेकाहारा अस्पताल के पास से सन्नी साहू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में विवाद और हत्या की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।



