Google Analytics —— Meta Pixel

अचानकमार टाइगर रिजर्व में फायरिंग पर भड़के विधायक धर्मजीत सिंह, वन विभाग को दी कड़ी चेतावनी

MLA Dharamjit Singh Angry: मुंगेली के अचानकमार टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में बिना अनुमति हथियारों के साथ घुसने, फायरिंग करने और रील बनाने की घटना ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। इस बीच तखतपुर से बीजेपी विधायक धर्मजीत सिंह ने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर जमकर नाराजगी जाहिर की। एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान विधायक ने बिलासपुर मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) और डीएफओ यू.आर. गणेशन को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि अब जंगलों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़ें:- आईफोन और लग्जरी लाइफ का खुमार, रिश्तों का टूटा भरोसा, जिला परिवहन अधिकारी की 21 साल की भतीजी पहुंची जेल

विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि अचानकमार टाइगर रिजर्व के पिछली सीमा क्षेत्र यानी खुड़िया, औरापानी समेत आसपास के जंगलों में लगातार अवैध घुसपैठ हो रही है। असामाजिक तत्व बिना किसी अनुमति के हथियार लेकर जंगल में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे वन्य जीवों और बाघों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि अगर वन विभाग ने समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए तो इसका सीधा नुकसान वन्य जीवों को होगा। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तत्काल मौके पर जाकर बैठक करें और जंगल क्षेत्र में अवैध प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। विधायक ने यह भी कहा कि जंगल सिर्फ वन विभाग की संपत्ति नहीं, बल्कि समूचे समाज की धरोहर है और इसकी सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, 2 जनवरी को चार युवक एक रायफल और दो एयरगन लेकर अचानकमार टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में घुस गए थे। हैरानी की बात यह रही कि युवक चार फॉरेस्ट बैरियर पार कर जंगल के कोर जोन तक पहुंच गए, जहां युवकों ने रात के समय आग जलाई, फिल्मी अंदाज में रील बनाई और कई राउंड फायरिंग भी की। यह पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद वन विभाग हरकत में आया। रील वायरल होने के बाद वन विभाग ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। जबकि एक युवक अब भी फरार बताया जा रहा है। (MLA Dharamjit Singh Angry)

कोर एरिया में घुसपैठ पर बड़ा सवाल

बता दें कि टाइगर रिजर्व का कोर एरिया मानव रहित घोषित क्षेत्र होता है, जहां बाघ और अन्य जंगली जानवरों का प्राकृतिक आवास होता है। ऐसे संवेदनशील इलाके में हथियारों के साथ आम लोगों का प्रवेश वन्यजीव संरक्षण कानूनों का सीधा उल्लंघन है। इस घटना ने एटीआर की सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारी से लेकर फॉरेस्ट गार्ड तक मौके पर नदारद रहते हैं, जिसके चलते शिकारी और असामाजिक तत्व बेखौफ होकर जंगल में घुस रहे हैं। (MLA Dharamjit Singh Angry)

अधिकारी को हटाने की मांग

इधर, छत्तीसगढ़ वन्य जीव बोर्ड के सदस्य गोपाल अग्रवाल ने शासन को पत्र लिखकर अचानकमार टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर यू.आर. गणेशन को हटाने की मांग की है। अग्रवाल ने पत्र में आरोप लगाया कि टाइगर रिजर्व में शिकारियों का खुलेआम प्रवेश हो रहा है, बाघों की संख्या घट रही है और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। इस पूरे मामले के बाद यह साफ हो गया है कि जनप्रतिनिधि वन विभाग की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं हैं। अब विधायक की सख्त चेतावनी के बाद सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वन विभाग वास्तव में सख्त कार्रवाई करेगा या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!