Google Analytics —— Meta Pixel

आईफोन और लग्जरी लाइफ का खुमार, रिश्तों का टूटा भरोसा, जिला परिवहन अधिकारी की 21 साल की भतीजी पहुंची जेल

Theft in Jashpur: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां आईफोन और लग्जरी लाइफ का सपना 21 साल की युवती को सीधे सलाखों के पीछे ले गया। लाखों की चोरी की इस वारदात में कोई पेशेवर चोर नहीं, बल्कि खुद जिला परिवहन अधिकारी की भतीजी ही मास्टरमाइंड निकली। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरा मामला नारायणपुर थाना क्षेत्र के केराडीह रैनीडांड गांव का है, जहां जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज के पैतृक घर से लाखों रुपए नकद और भारी मात्रा में सोने की चोरी हुई थी।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में 25 अफसरों का ट्रांसफर, देखिए पूरी लिस्ट

इसे लेकर 6 दिसंबर 2025 को जिला परिवहन अधिकारी की पत्नी सुषमा निकुंज ने नारायणपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि घर में रखी अटैची से 15 लाख रुपए नकद और सोने के बिस्किट समेत कीमती जेवरात गायब हैं, जिनकी कीमत 35 लाख रुपए से ज्यादा आंकी गई। जांच शुरू हुई तो पुलिस भी सच्चाई जानकर चौंक गई। इस चोरी की मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि जिला परिवहन अधिकारी की 21 साल की भतीजी मिनल निकुंज निकली। जांच में सामने आया कि मिनल जशपुर में कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी और किराए के मकान में रहती थी। अप्रैल 2025 में जब वह अपने पैतृक घर गई तो सफाई के दौरान अपने बड़े पिताजी के कमरे में रखी नकदी और कीमती सामान पर उसकी नजर पड़ गई।

 

आईफोन खरीदने के लिए पहली बार चोरी

पहली बार उसने आईफोन खरीदने के लालच में 2 लाख रुपए चुरा लिए। इसके बाद दूसरी बार 3 लाख रुपए और निकाले, लेकिन लालच यहीं नहीं रुका। मई 2025 में बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान के उकसावे पर मिनल ने पूरा सूटकेस ही उठा लिया, जिसमें 15 लाख रुपए नकद, करीब 4 किलो सोने के बिस्किट और कीमती जेवरात रखे थे। चोरी के बाद आरोपियों ने पैसों को जमकर उड़ाया। मिनल ने मई 2025 में अपने जन्मदिन के मौके पर रायपुर में एक लग्जरी विला बुक किया और दो दिन तक दोस्तों के साथ पार्टी की, जिस पर 5 लाख रुपए से ज्यादा खर्च कर दिए। (Theft in Jashpur)

चोरी के पैसों से बॉयफ्रेंड को गिफ्ट की कार

नकदी खत्म होने पर सोने के बिस्किट ओडिशा के राउरकेला ले जाकर करीब 35 लाख रुपए में बेच दिए गए। इन्हीं पैसों से मिनल ने अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान को 25 लाख रुपए की लग्जरी हरियर कार गिफ्ट कर दी। कुल मिलाकर 50 लाख रुपए से ज्यादा की रकम मौज-मस्ती, पार्टियों और ऐशो-आराम में उड़ा दी गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरी किया गया एक सूटकेस, जिसमें 3 किलो से ज्यादा सोना था, वह भी कहीं चोरी हो गया। पुलिस ने मुखबिरों और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से मिनल निकुंज और उसके बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान को झारखंड की राजधानी रांची के एक होटल से गिरफ्तार किया। (Theft in Jashpur)

51 लाख 82 हजार रुपए के सामान बरामद

पूछताछ के बाद उनके अन्य साथियों अभिषेक इंदवार, लंकेश्वर बड़ाईक और अलीशा भगत को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक हरियर कार, 86 हजार रुपए नकद, सोने के बिस्किट (100 ग्राम, 50 ग्राम और 20 ग्राम), मंगलसूत्र और सोने का कड़ा, एक आईफोन और चार एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए हैं। कुल बरामदगी की कीमत करीब 51 लाख 82 हजार रुपए आंकी गई है। SP शशि मोहन सिंह ने कहा कि यह चोरी का एक बड़ा और गंभीर मामला था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 51 लाख रुपए से ज्यादा का माल बरामद किया गया है। (Theft in Jashpur)

फरार आरोपियों की तलाश जारी

SP शशि मोहन सिंह ने ने बताया कि कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। सभी आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(A) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों में मिनल निकुंज (21 साल), उसका बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान (25 साल), अभिषेक इंदवार (28 साल), झारखंड का लंकेश्वर बड़ाईक (35 साल) और अलीशा भगत (29 साल) शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस की सतर्कता से यह मामला सुलझ गया, लेकिन यह कहानी सिर्फ चोरी की नहीं, बल्कि लालच, रिश्तों के विश्वासघात और आईफोन के अंधे क्रेज का उदाहरण है, जहां एक महंगे फोन और लग्जरी लाइफ के सपने ने एक पढ़ी-लिखी युवती को सीधे अपराध की दुनिया में धकेल दिया और अब वह सलाखों के पीछे है।

Back to top button
error: Content is protected !!