गाजा के ‘बोर्ड ऑफ पीस’ में शामिल होगा भारत?
ट्रंप ने PM मोदी को दिया न्योता, पाकिस्तान को भी मिला इनविटेशन
Board of Peace : गाजा में शांति और पुनर्निर्माण की दिशा में एक नई अंतरराष्ट्रीय पहल सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाजा के लिए गठित अंतरराष्ट्रीय संगठन ‘बोर्ड ऑफ पीस’ (Board of Peace) में शामिल होने का औपचारिक न्योता दिया है। इस बोर्ड में भारत के अलावा पाकिस्तान समेत कई प्रमुख देशों को भी आमंत्रित किया गया है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ की धरा पर साहित्यकारों का महाकुंभ: 23–25 जनवरी ‘रायपुर साहित्य उत्सव–2026’
यह बोर्ड (Board of Peace) ट्रंप की 20 बिंदुओं वाली गाजा शांति योजना के दूसरे चरण के तहत 15 जनवरी को घोषित किया गया था। इसका उद्देश्य गाजा को हथियारों से मुक्त करना, मानवीय सहायता पहुंचाना, बुनियादी ढांचे का पुनर्निर्माण और नई प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करना है।
गाजा के लिए नई शासन व्यवस्था
बोर्ड की निगरानी में गाजा में एक तकनीकी फिलिस्तीनी प्रशासन गठित किया जाएगा, जिसकी देखरेख NCAG (नेशनल कमेटी फॉर द एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ गाजा) करेगी। इस समिति का नेतृत्व पूर्व फिलिस्तीनी अधिकारी अली शाथ कर रहे हैं।
‘अब तक का सबसे महान बोर्ड’ – ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने इसे अब तक का सबसे “महान और प्रतिष्ठित बोर्ड” बताया है।
बोर्ड की फाउंडर एग्जीक्यूटिव कमेटी में शामिल हैं—
- अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो
- ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर
- ट्रंप के दामाद और सलाहकार जेरेड कुशनर
- विशेष दूत स्टीव विटकॉफ
- वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा
- कारोबारी मार्क रोवन
- सलाहकार रॉबर्ट गैब्रियल
- जल्द आएंगे और नाम
अमेरिकी दूतावास के अनुसार, आने वाले दिनों में एग्जीक्यूटिव बोर्ड और गाजा एग्जीक्यूटिव बोर्ड के अन्य सदस्यों के नाम भी घोषित किए जाएंगे।
संयुक्त राष्ट्र में मिडिल ईस्ट के पूर्व दूत निकोलाय म्लादेनोव को गाजा के लिए हाई रिप्रेजेंटेटिव नियुक्त किया गया है।
अरब देशों की भागीदारी
गाजा एग्जीक्यूटिव बोर्ड में कई क्षेत्रीय नेताओं को भी शामिल किया गया है, जिनमें—
- तुर्किये के विदेश मंत्री हाकान फिदान
- यूएई की मंत्री रीम अल-हाशिमी
- कतर के राजनयिक अली अल-थावादी
शामिल हैं, जिससे अमेरिकी नेतृत्व के साथ अरब देशों की भागीदारी भी स्पष्ट होती है।
किन-किन देशों को मिला न्योता?
ट्रंप ने कई वैश्विक नेताओं को इस बोर्ड में शामिल होने का न्योता भेजा है—
- अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई (न्योता स्वीकार)
- कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी
- तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोआन
- मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सीसी
- पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की)
WEF में भी होगी चर्चा
इस मुद्दे पर इस हफ्ते होने वाले वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भी विशेष चर्चा होने की संभावना है।



