शादी के दो महीने बाद उजड़ा घर, कांग्रेस सांसद के भतीजे ने पत्नी की गोली लगने से मौत के बाद की आत्महत्या

Congress MP Nephew Dies: गुजरात से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल के परिवार से जुड़ी दर्दनाक घटना सामने आई है। दरअसल, उनके भतीजे यशराज सिंह गोहिल ने पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से हुई मौत के बाद आत्महत्या कर ली। यह घटना अहमदाबाद के वस्त्रापुर इलाके में स्थित एनआरआई टावर में बुधवार देर रात हुई। यशराज की शादी सिर्फ दो महीने पहले ही हुई थी। पुलिस के मुताबिक बुधवार रात करीब 11:45 बजे यशराज सिंह गोहिल ने 108 एंबुलेंस सेवा पर कॉल कर अपनी पत्नी राजेश्वरी के घायल होने की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन मेडिकल टीम ने जांच के बाद राजेश्वरी को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें:- नक्सल छाया के बीच उम्मीद की फसल, धान बेचकर ट्रैक्टर तक पहुँचा किसान कोयना का सपना
मेडिकल टीम को यशराज ने बताया कि उससे गलती से लाइसेंसी पिस्टल से गोली चल गई, जो सीधे पत्नी राजेश्वरी के गले में जा लगी। गोली लगने से राजेश्वरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जब एंबुलेंस की टीम राजेश्वरी के शव को एंबुलेंस में रखने के लिए बाहर गई, तभी यशराज कमरे में गए और खुद को गोली मार ली। यशराज की भी मौके पर ही मौत हो गई। यशराज सिंह गोहिल गुजरात मैरीटाइम बोर्ड यानी गुजरात समुद्री बोर्ड में अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। हाल ही में उन्हें क्लास-2 अधिकारी से प्रमोशन देकर क्लास-1 अधिकारी बनाया गया था। परिवार और करीबी लोगों के मुताबिक यशराज अपने करियर और निजी जीवन दोनों को लेकर खुश थे।
मां दूसरे कमरे में थी मौजूद
घटना के समय यशराज की मां उसी फ्लैट में दूसरे कमरे में मौजूद थी, लेकिन उन्हें इस हादसे की जानकारी तब हुई जब एंबुलेंस की टीम वहां पहुंची। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही वस्त्रापुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। एनआरआई टावर के गेट बंद कर दिए गए हैं और परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फ्लैट में रहने वालों के अलावा किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। (Congress MP Nephew Dies)
विदेश टूर की कर रहे थे तैयारी
परिवार के मुताबिक यशराज और राजेश्वरी बुधवार रात एक रिश्तेदार के घर डिनर पर गए थे। वहीं से लौटने के बाद यह घटना हुई। दोनों शादी से बहुत खुश थे और भविष्य को लेकर कई योजनाएं बना रहे थे। करीबी लोगों ने बताया कि दोनों ने किसी मन्नत के पूरी होने पर मंगलवार को सोला इलाके के रानूजा मंदिर में दर्शन भी किए थे। इसके अलावा दोनों के वीजा की प्रक्रिया चल रही थी और अगले महीने विदेश टूर पर जाने की योजना थी। राजेश्वरी टूर की तैयारियों में जुटी हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर इसे हादसे और आत्महत्या का मामला बताया जा रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी। (Congress MP Nephew Dies)
कौन हैं शक्तिसिंह गोहिल ?
शक्तिसिंह गोहिल गुजरात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। वे लिम्दा राज्य (हनुभना) के छठे राजा हरिश्चंद्र रणजीतसिंह गोहिल के बेटे हैं और वर्तमान में लिम्दा के दरबार साहिब हैं। उनके दादा रणजीतसिंह गोहिल 1967 में गढ़ाड़ा विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक चुने गए थे। शक्तिसिंह गोहिल अब तक पांच बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 1990-95, 1995-98, 2007-2012, 2014 और 2017 से 2020 तक विधायक के रूप में कार्य किया। गुजरात में कांग्रेस की आखिरी सरकार के दौरान वे 1991 से 1995 तक मंत्री भी रहे। 2020 में वे राज्यसभा सांसद बने। साल 2022 में वे कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष भी बने, लेकिन उसी साल विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।




