गढ़चिरौली-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर बड़ा नक्सल एनकाउंटर, 25 लाख का इनामी प्रभाकर समेत 7 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद

Naxalite Encounter in Pakhanjur: छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के भामरागढ़ तहसील क्षेत्र में अबूझमाड़ और पखांजूर से सटे घमंडी के जंगलों में हुई मुठभेड़ में नक्सल संगठन के शीर्ष नेता प्रभाकर समेत 7 हार्डकोर नक्सली मारे गए हैं। मुठभेड़ में महाराष्ट्र पुलिस का एक जवान शहीद हुआ है, जबकि एक अन्य जवान घायल है। मारे गए नक्सलियों में 3 महिला और 4 पुरुष शामिल हैं। प्रभाकर पर 25 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

यह भी पढ़ें:- 30 हफ्ते की प्रेग्नेंसी खत्म कराने की इजाजत, SC ने कहा- नाबालिग को उसकी मर्जी के खिलाफ मां बनने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता

कौन था मारा गया नक्सली प्रभाकर

पुलिस के मुताबिक प्रभाकर नक्सली संगठन में गढ़चिरौली डिवीजन कमेटी का इंचार्ज, वेस्ट सब जोनल ब्यूरो का इंचार्ज और कंपनी नंबर 10 का कमांडर था। वह तेलंगाना के कामारेड्डी जिले का रहने वाला था, जो लंबे समय से महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ बॉर्डर इलाके में सक्रिय था। सुरक्षाबलों ने यह ऑपरेशन बीते तीन दिनों तक चलाया। पहले चरण में 3 नक्सलियों के शव बरामद किए गए थे। ऑपरेशन के आखिरी दिन इलाके की तलाशी के दौरान 4 और नक्सलियों के शव मिले, जिसमें 2 पुरुष और 2 महिला शामिल हैं। इस तरह अब तक कुल 7 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मुठभेड़ स्थल से 3 AK-47, 1 SLR और 1 .303 राइफल भी बरामद की गई है। दूसरे मारे गए नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। (Naxalite Encounter in Pakhanjur)

मुठभेड़ में एक जवान शहीद

इस ऑपरेशन में महाराष्ट्र पुलिस की C-60 कमांडो यूनिट के जवान दीपक चिन्ना मडावी (38 साल) शहीद हो गए। दीपक मडावी अहेरी में रहते थे और मूल रूप से मांद्रा, डमरंचा, तालुका अहेरी के निवासी थे। पुलिस के मुताबिक दीपक मडावी ने मुठभेड़ के दौरान बहादुरी से लड़ते हुए दो नक्सलियों को ढेर किया, लेकिन भारी गोलीबारी में उन्हें गोली लग गई। उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर भामरागढ़ सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शहीद जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया है और उनका अंतिम संस्कार कल उनके पैतृक गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। (Naxalite Encounter in Pakhanjur)

एक दिन पहले भी बीजापुर में बड़ा एनकाउंटर

मुठभेड़ में किष्ट्यापल्ली के जवान जोगा मडावी भी घायल हुए हैं। उन्हें भी गोली लगने के बाद एयरलिफ्ट कर गढ़चिरौली लाया गया। पुलिस के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। उनका इलाज जारी है और जल्द ही उन्हें डिस्चार्ज किया जाएगा। इससे एक दिन पहले 5 फरवरी को बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने DVCM उधम सिंह को मार गिराया था। उधम सिंह प्लाटून नंबर 30 का कमांडर और जगरगुंडा एरिया कमेटी का प्रभारी था। उस पर 8 लाख रुपए का इनाम था और वह 2021 के टेकुलगुड़ेम एनकाउंटर में शामिल था, जिसमें 22 जवान शहीद हुए थे। बीजापुर SP डॉ. जितेंद्र कुमार यादव के मुताबिक 2025 में जिले में 163 नक्सली मारे गए। जबकि 2026 में अब तक 11 नक्सली ढेर हो चुके हैं। जनवरी 2024 से अब तक 232 नक्सली मारे गए, 1163 गिरफ्तार और 888 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है।

Back to top button
error: Content is protected !!