ढेबरगिरी और गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं… ‘बघेल राज में चलता था चाचा मेरे मेयर हैं’ : बीजेपी
रायपुर। शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे और पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। स्कूल संचालक की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
यह भी पढ़े :- सर्दी की विदाई तय! देश में गर्मी की एंट्री, तापमान 4°C तक उछलेगा
घटना का पूरा विवरण
पीड़ित आरबी मिश्रा, निवासी विधायक कॉलोनी, मकान नंबर 1/9 तेलीबांधा, विशेष बच्चों का स्कूल संचालित करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे वे वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर दर्शन के लिए गए थे।
दर्शन के बाद जब वे अपनी कार CG-04-PY-5003 के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक इंडिवर कार ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार को टक्कर मार दी और स्क्रैच हो गया। कार चालक की पहचान बाद में शोएब ढेबर के रूप में हुई।
आरबी मिश्रा के अनुसार, जब उन्होंने गाड़ी सावधानी से चलाने की बात कही, तो आरोपी ने बीच सड़क पर वाहन रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित ने तेलीबांधा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजनीतिक बयानबाज़ी तेज
इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। बीजेपी नेताओं ने बयान जारी कर कहा—
“बघेल सरकार के समय ‘चाचा मेरे मेयर हैं’ जैसी संस्कृति चलती थी, लेकिन अब विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन है। यहां किसी की ढेबरगिरी और गुंडागर्दी नहीं चलेगी।”
बीजेपी ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे उनका राजनीतिक या पारिवारिक रसूख कुछ भी हो।



