Google Analytics —— Meta Pixel

आदिवासी बच्चों के नाम पर खेला गया खेल! पोटाकेबिन में राशन-छात्रवृत्ति घोटाला, चार अधीक्षक सस्पेंड

Chhattisgarh News : बीजापुर जिले में संचालित पोटाकेबिन आवासीय विद्यालयों में वित्तीय अनियमितता और राशन वितरण में गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद संयुक्त संचालक, शिक्षा ने चार प्रभारी अधीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

यह भी पढ़े :- जब ‘चाची’ बनीं ‘चाहत’: रिश्तों की लक्ष्मण रेखा लांघी, नाबालिग संग शादी की तैयारी में पकड़ी गईं

जांच में क्या मिला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतों के बाद गठित जांच दल ने जब विभिन्न पोटाकेबिन विद्यालयों का निरीक्षण किया तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जिन विद्यालयों में अभिलेखों में छात्रों की उपस्थिति लगभग शत-प्रतिशत दर्शाई गई थी, वहां वास्तविकता में आधे से भी कम विद्यार्थी उपस्थित पाए गए। (Chhattisgarh News)

जांच रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई से अक्टूबर के बीच बड़ी संख्या में छात्र अनुपस्थित रहे, लेकिन उनके नाम पर राशन, सब्जी एवं मेस शुल्क की राशि का नियमित आहरण किया जाता रहा। इससे शासन को लाखों रुपये की क्षति पहुंचने की आशंका जताई गई है।

फर्जी उपस्थिति और हेरफेर

बताया जा रहा है कि कुछ अधीक्षकों द्वारा उपस्थिति पंजी में कथित रूप से काट-छांट और हेरफेर कर फर्जी उपस्थिति दर्ज की गई। इसी आधार पर राशन और अन्य मदों की राशि निकाली जाती रही। जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति की राशि में भी अनियमितता की गई है।

प्रशासन की कार्रवाई

मामले को गंभीर मानते हुए संयुक्त संचालक शिक्षा ने चार प्रभारी अधीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही विस्तृत विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि पोटाकेबिन विद्यालय नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के आदिवासी बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित किए जाते हैं। ऐसे में सामने आई अनियमितताओं ने शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं। (Chhattisgarh News)

Back to top button
error: Content is protected !!