साउथ ब्लॉक में आखिरी मोदी कैबिनेट बैठक कल, ‘सेवा तीर्थ’ में शिफ्ट होगा पीएमओ
Last Cabinet Meeting in South Block: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल शुक्रवार को साउथ ब्लॉक में केंद्रीय मंत्रिमंडल की विशेष बैठक की अध्यक्षता करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के नए परिसर ‘सेवा तीर्थ’ में स्थानांतरण से पहले यह साउथ ब्लॉक में होने वाली अंतिम कैबिनेट बैठक होगी।
यह भी पढ़े :- कोल कारोबारियों पर आयकर का बड़ा प्रहार, बिलासपुर-चांपा में ताबड़तोड़ छापे
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, 1900 के दशक की शुरुआत में ब्रिटिश वास्तुकार हर्बर्ट बेकर द्वारा डिज़ाइन किए गए ऐतिहासिक सचिवालय भवन में आयोजित यह मंत्रिमंडल की आखिरी बैठक होगी। वर्ष 1921 से नॉर्थ और साउथ ब्लॉक देश की प्रशासनिक सत्ता के प्रमुख केंद्र रहे हैं। (Last Cabinet Meeting in South Block)
बैठक के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय औपचारिक रूप से ‘सेवा तीर्थ’ परिसर में स्थानांतरित हो जाएगा। केंद्र सरकार की योजना के तहत नॉर्थ और साउथ ब्लॉक को भविष्य में ‘युग युगीन भारत राष्ट्रीय संग्रहालय’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें भारत की सभ्यतागत यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री 13 फरवरी को ‘सेवा तीर्थ’ भवन के साथ कर्तव्य भवन-1 और कर्तव्य भवन-2 का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह कदम प्रशासनिक ढांचे को आधुनिक, कुशल और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
‘सेवा तीर्थ’ परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और मंत्रिमंडल सचिवालय स्थित होंगे। वहीं कर्तव्य भवन-1 और 2 में वित्त, रक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और शिक्षा सहित कई मंत्रालयों के कार्यालय कार्यरत रहेंगे।
इस स्थानांतरण को भारत की प्रशासनिक व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। (Last Cabinet Meeting in South Block)



