Chhattisgarh Budget 2026 : विधानसभा में घमासान तय! प्रश्नकाल से राज्यपाल अभिभाषण तक गरमाएगा सदन
Chhattisgarh Budget 2026 : छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र (Chhattisgarh Budget 2026 ) का तीसरा दिन आज राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसमें प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, महत्वपूर्ण पत्र पटल पर रखना और राज्यपाल के अभिभाषण पर विस्तृत चर्चा मुख्य एजेंडे में शामिल हैं।
यह भी पढ़े :- Balodabazar News: नन्हीं खुशियों से महका वृद्धाश्रम: स्कूली बच्चों ने लिया बुजुर्गों का आशीर्वाद
प्रश्नकाल में सरकार की परीक्षा
आज प्रश्नकाल के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और उच्च शिक्षा मंत्री लखनलाल देवांगन विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। विपक्षी दल कांग्रेस बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। अवैध मोबाइल टावर, बिजली विभाग की भर्ती प्रक्रिया और महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन को लेकर भी तीखे सवाल उठ सकते हैं।
पटल पर रखे जाएंगे अहम दस्तावेज
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा महत्वपूर्ण पत्र सदन पटल पर रखेंगे। वन मंत्री केदार कश्यप और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित अन्य मंत्री भी विभागीय दस्तावेज प्रस्तुत करेंगे। नवंबर-दिसंबर 2025 सत्र के अपूर्ण प्रश्नों के पूर्ण उत्तर, सदन में पढ़ी गई सूचनाओं का संकलन और राज्यपाल की अनुमति प्राप्त विधेयकों की जानकारी भी पटल पर रखी जाएगी।
नशीले पदार्थों पर दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर और धरमलाल कौशिक प्रदेश में नशीले पदार्थों (नारकोटिक्स व ड्रग्स) की अवैध बिक्री और युवाओं पर उसके बढ़ते असर का मुद्दा उठाएंगे। वे सख्त कार्रवाई और नशा मुक्ति केंद्रों के विस्तार की मांग करेंगे।
विधायक राघवेंद्र सिंह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से जुड़े विषयों—फंड उपयोग, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और कर्मचारियों की स्थिति—पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे।
अनुपस्थिति और याचिकाएं
मंत्री दयालदास बघेल और विधायक रेणुका सिंह अनुपस्थिति की अनुज्ञा प्रस्तुत करेंगे। विधायक भावना बोहरा और रोहित साहू याचिकाएं सदन में पेश करेंगे।
राज्यपाल अभिभाषण पर निर्णायक बहस
सत्र का सबसे महत्वपूर्ण चरण राज्यपाल के अभिभाषण पर विस्तृत चर्चा रहेगा। इस दौरान बजट 2026-27, ‘SANKALP’ थीम, बस्तर और सरगुजा के विकास, महिला सशक्तिकरण, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी घोषणाओं पर पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।
विपक्ष आर्थिक सर्वेक्षण के आंकड़ों, अवैध टावरों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की गति को मुद्दा बना सकता है, जबकि सत्ता पक्ष बजट को “विकसित छत्तीसगढ़” की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए जवाब देगा। (Chhattisgarh Budget 2026 )



