PM मोदी ने इजरायल-UAE नेताओं से की बात, जंग पर जताई चिंता, क्षेत्रीय शांति पर दिया जोर

PM Modi Talk Netanyahu: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्तमान स्थिति को लेकर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की। इस दौरान PM मोदी ने हाल के घटनाक्रम पर भारत की चिंताएं बताईं और आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। भारत ने लड़ाई जल्द खत्म करने की जरूरत दोहराई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से भी बात की।

यह भी पढ़ें:- नागपुर में गोला-बारूद की फैक्ट्री में विस्फोट, 18 की मौत, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख

प्रधानमंत्री ने UAE पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और इन हमलों में हुई मौत पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भारत UAE के साथ एकजुटता से खड़ा है। प्रधानमंत्री ने UAE में रह रहे भारतीय समुदाय का ध्यान रखने के लिए UAE के राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया। उन्होंने आगे यह भी जोर दिया कि भारत क्षेत्र में तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करता है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि इस कठिन समय में भारत UAE के साथ एकजुटता से खड़ा है। उन्होंने कहा कि हम तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं।

इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग जारी

बता दें कि इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग का आज तीसरा दिन है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान के 1,000 से ज्यादा ठिकानों पर हमला किया है। शुरुआती 30 घंटों में 2,000 से ज्यादा बम गिराए गए। हमले ईरान के सैन्य और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए। इजराइली प्रधानमंत्री ने कहा है कि आने वाले दिनों में तेहरान पर हमले और तेज किए जाएंगे। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए इजराइल समेत 9 देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। इस बीच 28 फरवरी को शुरू हुई इस लड़ाई के पहले बमबारी में ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए थे।

जंग में हिजबुल्लाह भी शामिल

लेबनान का उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह भी इस जंग में शामिल हो गया है। संगठन ने इजराइल के कई इलाकों में बमबारी की है। जवाब में इजराइल ने सीमा से लगे लेबनान के 50 गांव खाली करा लिए हैं। इजराइल और अमेरिका ने ईरान की राजधानी समेत 10 बड़े शहरों को निशाना बनाया है। इन हमलों में अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 740 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। एक स्कूल पर मिसाइल गिरने से 180 छात्राओं की मौत हो गई, जबकि 45 छात्राएं घायल हुई हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। क्षेत्र में तनाव चरम पर है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय हालात पर नजर बनाए हुए हैं। (PM Modi Talk Netanyahu)

Back to top button
error: Content is protected !!