छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा: बांध में डूबने से दो बच्चों की मौत, गांव में मातम

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के ग्राम ईटार में एक हृदयविदारक हादसा हो गया। यहां साल्हेवारा बांध में नहाने गए तीन बच्चों में से दो की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़े :- T20 World Cup 2026 Semifinal: बारिश में धुला सेमीफाइनल तो किसे मिलेगा फाइनल का टिकट? ICC का खास नियम समझिए

गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, ग्राम ईटार निवासी तनिश डहारे (9 वर्ष) और समीर सोनवानी (12 वर्ष) अपने साथी कुलेश्वर सोनवानी (13 वर्ष) के साथ बांध में नहाने गए थे। नहाने के दौरान तीनों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए।

तनिश और समीर खुद को संभाल नहीं पाए और पानी में डूब गए, जबकि कुलेश्वर बहते हुए झाड़ियों में फंस गया, जिससे उसकी जान बच गई।

ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता

कुलेश्वर ने किसी तरह बाहर निकलकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी।

पुलिस टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खैरागढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की अपील

इस दुखद घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को जलाशयों, बांधों या नदियों के पास अकेले न जाने दें। गहरे पानी और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण इस तरह के हादसे जानलेवा साबित हो सकते हैं।

इस हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जलस्रोतों के पास सुरक्षा उपायों की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

Back to top button
error: Content is protected !!