Indore Fire Tragedy – एक स्पार्क… और सब खत्म! 7 लोगों को जिंदा निगल गई आग, पढ़े पूरी खबर
Indore Fire Tragedy : मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें तीन मंजिला मकान में आग लगने से 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना तिलक नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि मकान के बाहर एक इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी हुई थी। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और आग तेजी से फैलते हुए पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के समय घर में 10 से अधिक लोग मौजूद थे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग के दौरान मकान के भीतर से चीख-पुकार की आवाजें आ रही थीं, लेकिन घने धुएं और तेज लपटों के कारण अंदर पहुंच पाना संभव नहीं हो सका। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी थी।
इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि आग एक व्यापारी मनोज के मकान में लगी थी। प्राथमिक जांच में इलेक्ट्रिक वाहन की चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटना में 3 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। (Indore Fire Tragedy)
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है तथा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। (Indore Fire Tragedy)



