Google Analytics —— Meta Pixel

मिडिल ईस्ट संकट के बीच भारत सरकार का बड़ा फैसला, पेट्रोल-डीजल के एक्साइज ड्यूटी में की भारी कटौती

Petrol Diesel Excise Duty: मिडिल ईस्ट संकट और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच केंद्र सरकार ने आम जनता और तेल कंपनियों को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम कर दी है। इस फैसले से ईंधन की कीमतों पर दबाव कम होने की उम्मीद है। कच्चे तेल के वैश्विक संकट के बीच केंद्र सरकार ने यह बड़ा कदम उठाया है। जानकारी के मुताबिक पेट्रोल पर पहले 13 रुपए प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी लगती थी, जिसे 10 रुपए घटाकर अब सिर्फ 3 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें:- महादेव सट्टा एप मामले में 1700 करोड़ की संपत्ति अटैच, बैज ने सरकार पर संरक्षण का लगाया आरोप, डिप्टी CM साव का पलटवार

वहीं डीजल पर लगने वाली 10 रुपए प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। यानी अब डीजल पर एक्साइज ड्यूटी शून्य हो गई है। केंद्र सरकार के इस फैसले से तेल कंपनियों के मुनाफे में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी को रोकने के लिए भी यह कदम उठाया गया है, जिससे आम लोगों को राहत मिल सके। (Petrol Diesel Excise Duty)

क्या होती है एक्साइज ड्यूटी ?

एक्साइज ड्यूटी एक तरह का इनडायरेक्ट टैक्स होता है, जो किसी सामान के प्रोडक्शन या मैन्युफैक्चरिंग पर लगाया जाता है। यह टैक्स केंद्र सरकार की ओर से लिया जाता है। इसका असर सीधे आम जनता पर पड़ता है, क्योंकि इससे सामान की कीमत बढ़ जाती है। भारत में पेट्रोल और डीजल पर केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी लगाती है। जबकि राज्य सरकारें VAT (वैल्यू एडेड टैक्स) लगाती हैं। सरकारी राहत से पहले कल ही नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की थी, जिससे पेट्रोल 5 प्रति लीटर और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया। इस बढ़ोतरी के बाद मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कीमतें बढ़कर पेट्रोल 111.72 प्रति लीटर और डीजल 94.88 प्रति लीटर हो गई थी। हालांकि नायरा एनर्जी की ओर से की गई यह बढ़ोतरी सभी राज्यों में एक जैसी नहीं होती। अलग-अलग राज्यों में स्थानीय टैक्स और VAT के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतें अलग-अलग हो सकती हैं।

देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम

शहर पेट्रोल (₹/लीटर) डीजल (₹/लीटर)
भोपाल 106.52 91.89
जयपुर 104.72 90.21
मुंबई 103.50 90.03
कोलकाता 103.94 90.76
चेन्नई 100.75 92.34
रायपुर 99.44 93.39
दिल्ली 94.77 87.67
चंडीगढ़ 94.24 82.40

मुख्यमंत्रियों के साथ PM मोदी की बैठक 

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 मार्च को यानी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में ईरान में जारी तनाव और उसके वैश्विक असर पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्री इसमें शामिल नहीं होंगे। इससे पहले 24 मार्च को राज्यसभा में प्रधानमंत्री ने कहा था कि अगर ईरान में युद्ध जैसी स्थिति बनी रहती है तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने आगाह किया कि आने वाला समय कोरोना काल जैसी चुनौतीपूर्ण परीक्षा का सामना हो सकता है, जिसमें केंद्र और राज्यों को मिलकर काम करना होगा। 

ईंधन की कमी की खबरों का खंडन

इस बीच केंद्र सरकार ने देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी की खबरों को खारिज कर दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि वैश्विक हालात चाहे जैसे हों, भारत के पास लगभग 60 दिनों का पर्याप्त ईंधन भंडार मौजूद है। कुल मिलाकर सरकार के इस फैसले से आम जनता को राहत मिलने के साथ-साथ देश में ईंधन आपूर्ति को लेकर भरोसा भी कायम रखने की कोशिश की गई है। आने वाले दिनों में वैश्विक हालात के आधार पर और फैसले लिए जा सकते हैं। बता दें कि ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच जारी जंग के चलते वैश्विक संकटों का सामना करना पड़ रहा है, जिसका असर हर देश पर पड़ रहा है। (Petrol Diesel Excise Duty)

Back to top button
error: Content is protected !!