मध्यप्रदेश CM के कार्यक्रम से लौट रही बस हुई हादसे का शिकार, 10 लोगों की मौत, 30 से ज्यादा घायल

Road Accident in Chhindwara: मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम CM के कार्यक्रम से लौट रही बस पलट गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई। जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसा छिंदवाड़ा-नागपुर मार्ग पर सिमरिया के पास शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच हुआ, जब एक बस और लहसुन से लदी पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस पलट गई, जिसके चलते एक महिला और बच्चे का हाथ कटकर अलग हो गया। जबकि कई यात्रियों के सिर फूट गए। बस 45 सीटर थी, लेकिन इसमें 47 से लेकर 51 तक यात्रियों के सवार होने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें:- मिडिल ईस्ट संकट के बीच भारत सरकार का बड़ा फैसला, पेट्रोल-डीजल के एक्साइज ड्यूटी में की भारी कटौती
सभी लोग पुलिस लाइन में आयोजित एक हितग्राही सम्मेलन से लौट रहे थे, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए थे। कार्यक्रम में 506 करोड़ रुपए के 105 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ था। हादसे के बाद राहत कार्य तुरंत शुरू किया गया। 6 एम्बुलेंसों से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रास्ता खाली कराया। मामूली घायलों को स्कूल बस से अस्पताल लाया गया। जबलपुर से 8 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम इलाज के लिए पहुंची। एक गंभीर रूप से घायल को नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतकों में महिलाएं और बच्चा शामिल
जिला अस्पताल के डीन अभय सिन्हा के मुताबिक मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक 7 साल का बच्चा शामिल है। मृतकों की पहचान, भागवती (45), दौलत (40), शकुन यादव (45), बस ड्राइवर कमल (54), पिकअप ड्राइवर रवि धारे (40), रामदास (40), रमेश (35), सिया बाई (40) और वंश (7) के रूप में हुई है। एक मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। जांच में सामने आया है कि बस का फिटनेस सर्टिफिकेट करीब साढ़े तीन साल पहले ही खत्म हो चुका था। आखिरी फिटनेस 2022 में लिया गया था, जो नवंबर 2023 में समाप्त हो गया। इसके अलावा वाहन का बीमा भी समाप्त पाया गया है। (Road Accident in Chhindwara)
![]()
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को4-4 लाख और गंभीर घायलों को 1-1 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही सभी घायलों के मुफ्त इलाज के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रभारी मंत्री राकेश सिंह देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। हादसे के बाद छिंदवाड़ा-नागपुर मार्ग पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जो करीब दो घंटे बाद सामान्य हो सका। घटना को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। PCC चीफ जीतू पटवारी ने इस हादसे की न्यायिक जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि कार्यक्रम में लोगों को दबाव और प्रलोभन देकर लाया गया था, जिससे यह त्रासदी हुई।



