टैक्स नहीं चुकाया तो लगेगा ताला, रायपुर निगम का 200 से ज्यादा बकायेदारों पर बड़ा एक्शन, कई दुकानें सील

Raipur Municipal Corporation Action: रायपुर नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स नहीं चुकाने वाले बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शहरभर में अभियान शुरू कर दिया है। निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर सभी 10 जोनों में एक साथ चलाए गए इस अभियान में 200 से ज्यादा बकायेदारों पर कार्रवाई की गई है। इस दौरान कई व्यावसायिक परिसरों को सील किया गया, वहीं दर्जनों घरों के नल कनेक्शन काटे गए। जोन-10 में सबसे ज्यादा 71 मामलों में कार्रवाई दर्ज की गई, जिससे हड़कंप की स्थिति बन गई है।
यह भी पढ़ें:- नक्सलवाद का अंत तय, लेकिन बारूदी जाल अब भी जिंदा, बस्तर में अब IED सबसे बड़ी चुनौती
जोन-8 राजस्व विभाग ने सालों से टैक्स नहीं जमा करने वाले 28 बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत 14 बकायेदारों के 8 व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कई बकायेदारों ने मौके पर ही आंशिक या पूरा भुगतान कर राहत पाई, जबकि कुछ ने 31 मार्च 2026 तक भुगतान का आश्वासन दिया। यह कार्रवाई वीर सावरकर नगर वार्ड-1, पंडित जवाहर लाल नेहरू वार्ड-2, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड-19 और शहीद भगत सिंह वार्ड-21 में की गई। (Raipur Municipal Corporation Action)

मौके पर भुगतान, कई को मिली मोहलत
निगम की ओर से पहले ही डिमांड बिल, नोटिस और अंतिम चेतावनी जारी की जा चुकी थी, लेकिन भुगतान नहीं होने पर सीलबंदी की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कई बकायेदारों ने तत्काल भुगतान कर सीलबंदी से राहत पाई। कुछ मामलों में आंशिक भुगतान कर बाकी राशि निर्धारित समय सीमा तक जमा करने का भरोसा दिया गया। वहीं कुछ बड़े बकायेदारों के परिसरों को सीधे सील कर दिया गया। जोन-10 क्षेत्र में भी निगम ने सख्ती दिखाते हुए 14 बकायेदारों पर कार्रवाई की, जिनमें 9 से ज्यादा व्यावसायिक परिसरों को सील किया गया। यह कार्रवाई रानी दुर्गावती वार्ड-49, डॉ. राजेंद्र प्रसाद वार्ड-52, बाबू जगजीवन राम वार्ड-53, रवींद्रनाथ टैगोर वार्ड-55 और लेफ्टिनेंट अरविंद दीक्षित वार्ड-56 में की गई।
31 मार्च आखिरी तारीख, 17% अधिभार की चेतावनी
कुछ बकायेदारों ने 24 घंटे की मोहलत मांगी, जबकि दस्तावेजी गड़बड़ी और लंबित टैक्स के मामलों में तत्काल सीलबंदी की गई। नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि 31 मार्च 2026 तक टैक्स जमा नहीं करने वाले बकायेदारों पर 17 प्रतिशत अधिभार लगाया जाएगा। टैक्स वसूली को लेकर 28, 29 और 31 मार्च को भी जोन कार्यालय खुले रहेंगे और सभी जोनों में सामान्य दिनों की तरह काम होगा। साथ ही मोर रायपुर एप और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए घर बैठे टैक्स भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। नगर निगम ने लोगों से समय पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने की अपील की है, ताकि सीलबंदी और कड़ी कार्रवाई से बचा जा सके। अधिकारियों ने साफ कहा है कि बकायेदारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



