Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर बड़ी कार्रवाई, एक ही रात में पकड़े गए 137 नशेड़ी चालक 

Action on Drunk and Drive: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शहर में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एक ही रात में 137 ड्रंक एंड ड्राइव करने वाले वाहन चालकों को पकड़ा गया। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। यह अभियान रायपुर कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर चलाया गया, जिसमें एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम ने शहर के अलग-अलग 8 स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट लगाकर करीब 4 घंटे तक सघन जांच की।

यह भी पढ़ें:- टैक्स नहीं चुकाया तो लगेगा ताला, रायपुर निगम का 200 से ज्यादा बकायेदारों पर बड़ा एक्शन, कई दुकानें सील

कैसे चला अभियान ?

यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त इलाकों में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन चालकों की जांच की। इस दौरान कई चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने मौके पर ही ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर नियमों के तहत चालान काटा और वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाना दंडनीय अपराध है। इस नियम के तहत दोषी पाए गए चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए सभी 137 चालकों को 30 मार्च को न्यायालय में पेश किया जाएगा। (Action on Drunk and Drive)

 

जनवरी से अब तक 1400 पर कार्रवाई

यातायात पुलिस के मुताबिक 2026 की शुरुआत से अब तक लगभग 1400 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। नवरात्रि के दौरान अभियान में थोड़ी नरमी के बाद अब फिर से इसे तेज कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान किसी टारगेट को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। शराब के नशे में वाहन चलाना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह खुद और दूसरों के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी है। (Action on Drunk and Drive)

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और आगे भी इसी तरह के सघन अभियान लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस ने सभी वाहन चालकों और नागरिकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनें। सुरक्षित ड्राइविंग अपनाकर खुद के साथ-साथ दूसरों की जान भी सुरक्षित रखें। रायपुर पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि सड़क पर लापरवाही और नशे के लिए कोई जगह नहीं है। अगर आप वाहन चला रहे हैं, तो जिम्मेदारी भी आपकी ही है, क्योंकि एक छोटी सी चूक किसी की जिंदगी छीन सकती है। इसलिए नियमों का पालन करें, नशे से दूरी रखें और सुरक्षित सफर को अपनी आदत बनाएं।

Back to top button
error: Content is protected !!