फर्जी आईडी बनाकर महिला को ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
अश्लील फोटो एडिट कर वायरल करने की देता था धमकी, आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई

Chhattisgarh Crimes News : दुर्ग जिला पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर महिला को ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील रूप में एडिट करता था और वायरल करने की धमकी देकर दबाव बना रहा था।
यह भी पढ़े :- सांसद पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया पोस्ट बना वजह
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने उतई थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद आरोपी ने उससे बातचीत शुरू की और बाद में सोशल मीडिया से उसकी तस्वीरें लेकर उन्हें आपत्तिजनक तरीके से एडिट करने लगा। (Chhattisgarh Crimes News)
इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए पीड़िता से संपर्क कर एडिट की गई अश्लील तस्वीरें भेजीं और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने धमकी दी थी कि उसकी मांगें पूरी नहीं करने पर वह इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सोशल मीडिया ट्रैकिंग के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को बालोद जिले के ग्राम कोहगाटोला से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने तीन अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और चैटिंग से जुड़े अहम स्क्रीनशॉट जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। (Chhattisgarh Crimes News)



