रायपुर के भटगांव में नशेड़ियों का आतंक, ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर की कड़ी कार्रवाई की मांग

Drug Addicts in Bhatgaon: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भटगांव इलाके में नशेड़ियों के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। परेशान ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर मुजगहन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का ही एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है, जिसके चलते बाहरी नशेड़ियों का जमावड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि गांव के कई जगहों पर दिन-रात नशेड़ियों की भीड़ लगी रहती है, जिससे आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में डर का माहौल है।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में शादी समारोह से लौट रहे परिवार से लूटपाट, विरोध करने पर चाकू-डंडों से हमला, जंगल में छिपकर काटी रात
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार पुलिस को सूचना दी जा चुकी है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। बीती रात भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इलाके में दबिश दी, हालांकि मौके पर मौजूद नशेड़ी अपने वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से छोड़ी गई बाइकें जब्त कर ली हैं। गांव के लोगों का कहना है कि अब वे इस समस्या का स्थायी समाधान चाहते हैं, इसलिए बड़ी संख्या में थाने पहुंचकर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले पर डीसीपी संदीप पटेल ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना के आधार पर पुलिस ने संबंधित इलाके में दबिश दी थी। पुलिस के पहुंचते ही संदिग्ध लोग अपनी बाइक छोड़कर भाग गए। (Drug Addicts in Bhatgaon)

रायपुर में अब ड्रोन से होगी निगरानी
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों के पास असामाजिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, वहां के लोगों की भी जांच की जाएगी और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इधर, राजधानी रायपुर में बढ़ती अड्डेबाजी और सट्टेबाजी पर लगाम कसने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने अब हाईटेक तरीका अपनाया है। पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में ड्रोन के जरिए निगरानी शुरू करने का फैसला लिया है। इस नई व्यवस्था के तहत पुलिस ड्रोन उड़ाकर लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगी। जैसे ही किसी इलाके में अड्डेबाजी या सट्टेबाजी की सूचना मिलेगी, तत्काल एक्शन टीम को मौके पर भेजा जाएगा।
अपराधियों में डर का बनेगा माहौल: पुलिस
पुलिस का मानना है कि इस पहल से अपराधियों में डर का माहौल बनेगा और वे ऐसी गतिविधियों से दूर रहेंगे। वहीं आम जनता को भी सुरक्षित वातावरण मिलेगा। रायपुर पुलिस का यह कदम शहर में कानून व्यवस्था को और ज्यादा सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। फिलहाल भटगांव के ग्रामीणों को पुलिस कार्रवाई से राहत की उम्मीद है, वहीं ड्रोन निगरानी जैसे नए कदम से साफ है कि रायपुर पुलिस अब अपराध पर सख्ती के मूड में है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि इन प्रयासों से जमीनी स्तर पर कितना बदलाव आता है।



