रायपुर में शादी समारोह से लौट रहे परिवार से लूटपाट, विरोध करने पर चाकू-डंडों से हमला, जंगल में छिपकर काटी रात

Family Robbed in Raipur: राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में देर रात एक परिवार के साथ लूट और मारपीट का मामला सामने आया है। शादी समारोह से लौट रहे इस परिवार को सुनसान रास्ते में रोककर अज्ञात बदमाशों ने न सिर्फ लूटपाट की, बल्कि चाकू और डंडों से हमला कर उन्हें घायल भी कर दिया। जानकारी के मुताबिक गुलशन वाटिका फेस-01 के रहने वाले परिवार सेजबहार हाउसिंग सोसाइटी में आयोजित शादी कार्यक्रम से लौट रहा था। दत्तरेंगा के पास उनकी बाइक का पेट्रोल अचानक खत्म हो गया, जिसके कारण परिवार सड़क किनारे रुक गया। इसी दौरान मौके का फायदा उठाते हुए बाइक सवार 4 से 5 अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और परिवार को घेर लिया।
यह भी पढ़ें:- इंस्टाग्राम पर दरिंदगी की साजिश: कंटेंट क्रिएटर को गैंगरेप-अपहरण की धमकी, 5 आरोपी गिरफ्तार
बदमाशों ने परिवार के साथ मारपीट करते हुए महिलाओं की सोने की चेन, चार मोबाइल और करीब 20 हजार रुपए नकद लूट लिए। जब परिवार ने विरोध किया तो आरोपियों ने चाकू और डंडों से हमला कर दिया, जिससे कई सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल और डरे-सहमे परिवार ने पूरी रात पास के जंगल में छिपकर बिताई। सुबह होने पर वे किसी तरह मुजगहन थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीसीपी संदीप पटेल के मुताबिक घटना की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। (Family Robbed in Raipur)
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
शहर से लगे सुनसान इलाकों में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग की कमी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। घटना ने एक बार फिर राजधानी के बाहरी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। बता दें कि रायपुर में 23 जनवरी 2026 से पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू हो गई है, जिसका उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और जवाबदेह बनाना है, लेकिन इसके बाद भी लगातार हो रहे अपराध ने इस पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इन अज्ञात बदमाशों को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिला पाती है।



